नई दिल्ली। 15 जनवरी 2024 को देशभर में मकर संक्रांति का त्योहार मनाया गया। इस त्यौहार को अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नामों से जाना और मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश में इसे मकर संक्रांति और खिचड़ी कहा जाता है, जबकि पंजाब और हरियाणा में लोग इसे माघी और लोहड़ी के रूप में मनाते हैं। तमिलनाडु में इसे पोंगल के नाम से जाना जाता है और गुजरात में इसे उत्तरायण के रूप में मनाया जाता है। बात करते हैं गुजरात की क्योंकि हमारा वायरल वीडियो इसी राज्य का है। गुजरात में उत्तरायण का त्यौहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस त्योहार के दौरान पतंगबाजी भी की जाती है। इसी पतंगबाजी के बीच एक शख्स ने कुछ ऐसा काम कर दिया कि वो जिसे जीवन भर नहीं भूल सकेगा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक शख्स को पतंग उड़ाते हुए देखा जा सकता है और अचानक वह खुशी-खुशी किसी और की पतंग काट देता है। जब कैमरा दूसरी छत की ओर मुड़ता है, तो वहां गृह मंत्री अमित शाह चरखी में मांझा लपेटते हुए दिखाई देते हैं। इसके बाद वह शख्स बड़े गर्व से गुजराती भाषा में कहता है कि उसने गृह मंत्री अमित शाह की पतंग काट दी है। शख्स की खुशी देखकर अमित शाह भी मुस्कुरा देते हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Amit kaka ki patang kaatne ka ghamand😎pic.twitter.com/2I1nSJY7LW
— Ashman kumar Larokar (@ASHMANTWEET) January 15, 2024
लोगों ने वीडियो देखकर खूब मजे लिए। वीडियो को माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म, एक्स पर साझा किया गया। खबर लिखे जाने तक लाखों से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वीडियो देखने के बाद एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा- ”भाई, रात को अपने घर के बाहर दो या तीन बॉडीगार्ड लगाओ।” एक अन्य यूजर ने लिखा- ”आप केवल बच्चों के खेल में ही जीत सकते हैं।” एक अन्य यूजर ने कमेंट किया- ”कांग्रेस चुनाव में टिकट देने के लिए इसी लड़के को ढूंढ रही होगी।”