newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rajasthan: प्रश्न पत्र है या कांग्रेस का प्रशंसा पत्र!, 12वीं बोर्ड परीक्षा के राजनीति विज्ञान पेपर में कांग्रेस ही कांग्रेस, वायरल हो रहा पर्चा

Rajasthan: इस मामले को लेकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिरमी खालसा (राजगढ़,चूरू) के राजनीति विज्ञान के स्कूल व्याख्याता दिनेश महला का कहना है कि प्रश्न पत्र में कोई भी सवाल सिलेबस से बाहर का नहीं है। प्रश्न पत्र में बहुविकल्पीय, रिक्त स्थान, अतिलघु उत्तरात्मक, लघु उत्तरात्मक, दीर्घ उत्तरीय और निबंधात्मक प्रश्न पूछे गए हैं जिनकी कुल संख्या करीब 60 से ज्यादा है।

नई दिल्ली। बच्चों को देश का भविष्य कहा जाता है क्योंकि एक दिन ये बच्चे ही देश को आगे बढ़ाने और भारत का नाम दुनिया में करेंगे लेकिन इन बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करना कितना सही है?…ये सवाल इसलिए क्योंकि इस वक्त सोशल मीडिया पर एक परिक्षा का पेपर तेजी से वायरल हो रहा है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Rajasthan Board) की ओर से आयोजित 12वीं कक्षा की राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा (RBSE 12th Political Science) का पेपर जो इस वक्त वायरल हो रहा है उसमें एक या दो नहीं बल्कि कई प्रश्न कांग्रेस पार्टी से जुड़े किए गए हैं। अब इस पेपर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो प्रदेश की कांग्रेस सरकार निशाने पर आ गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इस मामले पर सरकार (rajasthan’s congress govt) पर हमला बोलते हुए कहा है ‘महाराणा प्रताप के योगदान को शून्य कर देने पर तुली कांग्रेस के बोर्ड के परीक्षकों को सिर्फ़ कांग्रेस ही कांग्रेस नज़र आती है। इन्होंने परीक्षा का भी मज़ाक बना कर रख दिया है’।

जानिए कौन-कौन से सवाल गए प्रश्न पत्र में

1. 1984 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने कुल कितनी सीटें जीती थी?

2. भारत के प्रथम 3 आम चुनावों में किस दल का प्रभुत्व रहा?

3. ‘गरीबी हटाओ’ का नारा किसने दिया?

4. कांग्रेस की सामाजिक एवं विचारधारात्मक गठबंधन के रूप में संक्षिप्त विवेचना कीजिए।

5. कांग्रेस ने 1967 का आम चुनाव किन परिस्थितियों में लड़ा व इसका क्या जनादेश मिला? विवेचना कीजिए।

6. आम चुनाव 1971, कांग्रेस की पुनर्स्थापना का चुनाव साबित हुआ। इस कथन की व्याख्या कीजिए।

बता दें, इस प्रश्न पत्र में सीधे तौर पर कुल 6 सवाल कांग्रेस से जुड़े हुए पूछे गए हैं। अब इसे लेकर राजस्थान की प्रदेश कांग्रेस सरकार सोशल मीडिया पर कटघरे में है। सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि जानबूझकर पॉलीटिकल साइंस के इस प्रश्न पत्र में कांग्रेस से जुड़े हुए सवाल ज्यादा पूछे गए।

question paper

क्या है मामले की वास्तविकता

इस मामले को लेकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिरमी खालसा (राजगढ़,चूरू) के राजनीति विज्ञान के स्कूल व्याख्याता दिनेश महला का कहना है कि प्रश्न पत्र में कोई भी सवाल सिलेबस से बाहर का नहीं है। प्रश्न पत्र में बहुविकल्पीय, रिक्त स्थान, अतिलघु उत्तरात्मक, लघु उत्तरात्मक, दीर्घ उत्तरीय और निबंधात्मक प्रश्न पूछे गए हैं जिनकी कुल संख्या करीब 60 से ज्यादा है। 60 प्रश्नों में से 6 प्रश्न कांग्रेस से जुड़े होना स्वाभाविक है। NCERT द्वारा तैयार किए गए सिलेबस में जो बिंदु दिए गए हैं उन्हीं बिंदुओं में से शामिल सवाल प्रश्न पत्र में पूछे गए हैं।