newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Satta On Karnataka Election Results: कर्नाटक के चुनाव नतीजों पर सट्टा बाजार की भी नजर, जानिए किस पार्टी को कितनी सीटें दिला रहे सटोरिए

कर्नाटक विधानसभा के चुनाव से पहले कई ओपिनियन पोल और वोटिंग के दिन 10 मई को एक्जिट पोल आए थे। इन ओपिनियन और एक्जिट पोल में से ज्यादातर में दावा किया गया कि इस बार कर्नाटक में कांग्रेस अपने दम पर बहुमत हासिल कर लेगी। वहीं, कर्नाटक विधानसभा के चुनाव नतीजों पर सट्टा बाजार में भी दांव लगा है।

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के आज नतीजे आने जा रहे हैं। दोपहर तक साफ होगा कि राज्य में अगली सरकार किसकी बनेगी। चुनावी समर में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। जेडीएस भी मैदान में है और वो पिछली बार चुनाव के बाद कांग्रेस के साथ मिलकर 14 महीने सरकार भी चला चुकी है। कर्नाटक विधानसभा के चुनाव से पहले कई ओपिनियन पोल और वोटिंग के दिन 10 मई को एक्जिट पोल आए थे। इन ओपिनियन और एक्जिट पोल में से ज्यादातर में दावा किया गया कि इस बार कर्नाटक में कांग्रेस अपने दम पर बहुमत हासिल कर लेगी। वहीं, कर्नाटक विधानसभा के चुनाव नतीजों पर देश के कई सट्टा बाजार में भी दांव पर काफी कुछ लगा है।

election satta market

देश के तीन सट्टा बाजार हापुड़, फलोदी और पालनपुर की बात करें, तो सूत्रों के मुताबिक यहां के सटोरिए कांग्रेस की सरकार बनने पर दांव खेल रहे हैं। इन तीनों सट्टा बाजार में कांग्रेस को 110 से 141 के बीच सीटों पर जीतते हुए बताया जा रहा है। जबकि, बीजेपी को सट्टा बाजार 57 से लेकर 80 तक सीटें दे रहे हैं। वहीं, जेडीएस के बारे में सटोरियों ने 24 से 37 सीटों पर ही जीत का अनुमान लगाया है। अब आपको बताते हैं कि फलोदी, हापुड़ और पालनपुर सट्टा बाजार में कर्नाटक चुनाव के लिए किस पार्टी पर सटोरिए कितनी सीटों का दांव लगा रहे हैं। सटोरियों के आंकड़े आपको बताएं, उससे पहले जान लीजिए कि तीनों ही सट्टा बाजार में हर बड़े घटनाक्रम पर दांव लगता है।

indian currency rupee

फलोदी का सट्टा बाजार काफी फेमस है। है तो ये गैरकानूनी, लेकिन फलोदी के इस सट्टा बाजार में देशभर के सटोरिए ऑपरेट करते हैं। सूत्रों के मुताबिक फलोदी का सट्टा बाजार कर्नाटक में कांग्रेस को 137 सीटों पर जीत दिला रहा है। बीजेपी के बारे में यहां के सटोरियों का दावा है कि वो कर्नाटक में 55 सीटें जीतेगी। वहीं, जेडीएस को फलोदी के सटोरिए 30 सीटें दिला रहे हैं। पालनपुर के सटोरिए कांग्रेस को 141, बीजेपी को 57 और जेडीएस को 24 सीटों पर जीत की बात कह रहे हैं। जबकि हापुड़ के सट्टा बाजार के मुताबिक कांग्रेस को कर्नाटक में 110 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक ये सट्टा बाजार बीजेपी को 75 सीटें दिला रहा है। अब देखना ये है कि कर्नाटक के नतीजों पर सटोरियों की भविष्यवाणी कितनी सटीक बैठती है।