newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

BJP Women Candidates: बीजेपी की 5वीं लिस्ट जारी होते ही चर्चा में उसकी ये 3 महिला प्रत्याशी, जानिए इनके बारे में

BJP Women Candidates: गहन मंथन के बाद बीजेपी नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पांचवीं लिस्ट निकाल दी। इस लिस्ट के निकलने के साथ ही 3 महिला प्रत्याशियों की चर्चा हो रही है। इन महिलाओं को बीजेपी ने टिकट देकर 3 लोकसभा सीटों पर विपक्ष के लिए टक्कर देने की तैयारी की है।

नई दिल्ली। गहन मंथन के बाद बीजेपी नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने प्रत्याशियों की पांचवीं लिस्ट निकाल दी। इस लिस्ट के निकलने के साथ ही 3 महिला प्रत्याशियों की चर्चा हो रही है। इन महिलाओं को बीजेपी ने टिकट देकर देश की 3 लोकसभा सीटों पर विपक्ष के लिए टक्कर देने की तैयारी की है। ये तीन महिलाएं हैं गोवा की पल्लवी डेम्पो। पश्चिम बंगाल की रेखा पात्रा और हिमाचल प्रदेश की नामचीन एक्टर कंगना रानौत।

संदेशखाली में शाहजहां शेख के अत्याचार पर सबसे पहले आवाज उठाने वाली रेखा पात्रा को बीजेपी ने बशीरहाट सीट से टिकट दिया है।

पहले बात करते हैं रेखा पात्रा की। रेखा पात्रा को बीजेपी नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल की बशीरहाट सीट से टिकट दिया है। रेखा पात्रा हाल के दिनों में उस वक्त चर्चा में आईं, जब उन्होंने टीएमसी के नेता शाहजहां शेख के खिलाफ सबसे पहले आवाज उठाई। रेखा पात्रा ने शाहजहां शेख पर जमीन कब्जा करने और संदेशखाली की महिलाओं के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने महिलाओं को एकजुट किया और शाहजहां शेख के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया। रेखा पात्रा को टिकट देकर बीजेपी ने दिखाया है कि वो संदेशखाली की महिलाओं के साथ खड़ी है और बंगाल में टीएमसी नेताओं के अत्याचार के विरोध की आवाजों को बुलंद करवाने का काम कर रही है।

उद्योगपति पल्लवी डेम्पो को बीजेपी ने गोवा दक्षिण लोकसभा सीट पर टिकट दिया है। वो गोवा में बीजेपी की पहली महिला लोकसभा उम्मीदवार हैं।

अब बात पल्लवी डेम्पो की। पल्लवी डेम्पो को बीजेपी ने गोवा दक्षिण सीट पर टिकट दिया है। गोवा में बीजेपी ने पहली बार किसी महिला को लोकसभा चुनाव में उतारा है। पल्लवी डेम्पो एक उद्योगपति हैं। वो डेम्पो इंडस्ट्रीज की कार्यकारी निदेशक हैं। एमआईटी पुणे से एमबीए की डिग्री लेने वाली पल्लवी डेम्पो मीडिया और रियल एस्टेट का काम भी देखती हैं। सरकारी स्कूल को उन्होंने गोद भी ले रखा है। दक्षिण गोवा लोकसभा सीट को बीजेपी सिर्फ 2 बार ही जीत सकी है। इस बार पल्लवी के जरिए उसे इस सीट पर जीत हासिल होने की उम्मीद है।

kangana1
मशहूर एक्टर कंगना रानौत को बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से टिकट दिया है।

बीजेपी की पांचवीं लिस्ट में हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय सीट पर प्रत्याशी के तौर पर कंगना रानौत का भी नाम है। वो बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस हैं। कंगना रानौत अपनी बेबाक जुबान के लिए पहचानी जाती हैं और हिंदुत्व के लिए लगातार अपनी राय रखती रही हैं। कंगना के परदादा कांग्रेस के टिकट पर मंडी जिले की एक विधानसभा सीट से विधायक भी रहे हैं। कंगना रानौत जिस मंडी सीट से मैदान में उतारी गई हैं, उस पर कांग्रेस के नेता रहे वीरभद्र सिंह और उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह का दबदबा रहा है। वीरभद्र और प्रतिभा सिंह ने मंडी सीट को 3-3 बार जीता है। इस बार प्रतिभा सिंह यहां से चुनाव न लड़ने का फैसला कर चुकी हैं।