newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Eknath Shinde Slams Rahul Gandhi: ‘…तो राहुल गांधी इस्तीफा देकर फिर लड़ें चुनाव’, ईवीएम पर जारी विवाद में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की चुनौती

Eknath Shinde Slams Rahul Gandhi: वैसे, ईवीएम को हैक करने की जब आशंकाएं उठ रही थीं, तब चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को अपने दफ्तर आने का न्योता देकर कहा था कि वे ईवीएम से छेड़छाड़ करके दिखाएं। उस वक्त किसी भी राजनीतिक दल का कोई प्रतिनिधि नहीं गया था।

मुंबई। एलन मस्क ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया था कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है। इसके बाद एक बार फिर ईवीएम को लेकर सियासत गर्माई हुई है। पूरा विपक्ष ईवीएम पर सवाल खड़े कर रहा है। इनमें राहुल गांधी भी हैं। राहुल गांधी ने एलन मस्क का पोस्ट रीपोस्ट करते हुए ईवीएम को ब्लैक बॉक्स बताया था। उन्होंने कहा था कि किसी को भी ईवीएम की जांच करने की मंजूरी नहीं है। राहुल गांधी के इसी बयान पर अब महाराष्ट्र के सीएम और शिवसेना के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने पलटवार किया है। एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी और महाविकास अघाड़ी के जीतने वाले नेताओं को इस्तीफा देकर फिर चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।

एकनाथ शिंदे ने तंज कसते हुए कहा कि महाविकास अघाड़ी जहां ज्यादा सीटें जीती, वहां ईवीएम सही और जहां हारी, वहां मशीन खराब होने की बात कह रही है। ये कैसी बात हुई। फिर उन्होंने कहा कि महाविकास अघाड़ी के लोग जहां से जीते, वहां इस्तीफा देकर फिर चुनाव लड़ें। एकनाथ शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी दो जगह से चुनाव जीते हैं, तो क्या वहां भी ईवीएम खराब है? उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम खराब है, तो राहुल गांधी भी इस्तीफा दें और दोबारा चुनाव लड़ें।

voting

ईवीएम को लेकर 2014 से ही सवाल उठते रहे हैं। 2014 और 2019 में ईवीएम के जरिए चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत विपक्षी दलों ने की थी। इस बार विपक्ष की सीटें ज्यादा आईं। इसके बाद ईवीएम पर सवाल नहीं उठ रहे थे, लेकिन एलन मस्क के एक्स पर पोस्ट के बाद फिर मुद्दा उछल गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने तो एलन मस्क को ही ट्यूटोरियल देने तक की बात कह दी। जिसके बाद एलन मस्क ने ये दावा कर दिया कि किसी भी चीज को हैक किया जा सकता है। वैसे, ईवीएम को हैक करने की जब आशंकाएं उठ रही थीं, तब चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को अपने दफ्तर आने का न्योता देकर कहा था कि वे ईवीएम से छेड़छाड़ करके दिखाएं। उस वक्त किसी भी राजनीतिक दल का कोई प्रतिनिधि नहीं गया था।