newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Mamata Banerjee: बंगाल के बाद अब यूपी, असम और मेघालय में भी टीएमसी प्रत्याशी उतारेंगी ममता बनर्जी!, कांग्रेस से बढ़ सकती है रार

Mamata Banerjee: जब राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर बंगाल पहुंचे, तो ममता बनर्जी ने ये आरोप लगा दिया कि उनको इस यात्रा के बारे में कांग्रेस की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ममता बनर्जी को न्योता भेजा था।

कोलकाता। ममता बनर्जी ने रविवार को विपक्षी गठबंधन और खासकर कांग्रेस को झटका देते हुए पश्चिम बंगाल में सभी 42 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का एलान कर दिया। अब जानकारी ये है कि ममता बनर्जी यूपी, असम और मेघालय में भी उम्मीदवार उतारने वाली हैं। यूपी में ललितेश पति त्रिपाठी को वो चंदौली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा सकती हैं। वहीं, यूपी की कुछ और सीटों पर भी टीएमसी के प्रत्याशी ममता उतार सकती हैं। इसके अलावा मेघालय की 1 और असम की 3 सीटों पर ममता बनर्जी की टीएमसी के उम्मीदवार उतर सकते हैं।

ममता बनर्जी ने कांग्रेस को पहले कहा था कि वो पश्चिम बंगाल में उसे 2 सीट दे सकती हैं। कांग्रेस इस पर राजी नहीं थी। कांग्रेस बंगाल में 5 से 6 सीटें मांग रही थी। इस पर ममता बनर्जी ने अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया। ममता बनर्जी कांग्रेस से असम में 3 और मेघालय में 1 सीट मांग रही थीं। कांग्रेस इस पर सहमत नहीं दिख रही थी। ऐसे में ममता और कांग्रेस के बीच दूरियां बढ़ती गईं। यहां तक कि जब राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर बंगाल पहुंचे, तो ममता बनर्जी ने ये आरोप लगा दिया कि उनको इस यात्रा के बारे में कांग्रेस की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ममता बनर्जी को न्योता भेजा था।

बहरहाल, अब लोकसभा चुनाव से पहले ममता के तेवर से विपक्षी गठबंधन और कांग्रेस को जोर का झटका लग गया है। अब अगर ममता बनर्जी यूपी, असम और मेघालय में भी टीएमसी के प्रत्याशी लोकसभा की सीटों पर उतारती हैं, तो इससे विपक्षी गठबंधन में रार मच सकती है। अब सबकी नजर इस पर भी है कि बंगाल में कांग्रेस कितनी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारकर ममता को चुनौती देती है।