newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Good News: देश में 3 दिन में ही 1.25 करोड़ किशोरों को लगी वैक्सीन, आंध्र सबसे आगे

देश में कल तक 148.66 करोड़ वैक्सीन की डोज भी लग चुकी थीं। इनमें से 61 करोड़ से ज्यादा लोगों को डबल डोज मिल चुकी है। 10 जनवरी से तीसरी डोज लगेगी और इसके लिए सारी तैयारी हो चुकी है।

नई दिल्ली। देश में 15 से 18 वर्ष के किशोरों के कोरोना वैक्सीनेशन की रिपोर्ट उत्साहजनक है। इस आयु वर्ग के लिए वैक्सीनेशन की शुरुआत के महज 3 दिन में ही बुधवार तक 1.25 करोड़ किशोरों का वैक्सीनेशन हो चुका है। किशोर वैक्सीन लगवाने के लिए बड़ी संख्या में हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं। वहीं, देश में कल तक 148.66 करोड़ वैक्सीन की डोज भी लग चुकी थीं। इनमें से 61 करोड़ से ज्यादा लोगों को डबल डोज मिल चुकी है। 10 जनवरी से तीसरी डोज लगेगी और इसके लिए सारी तैयारी हो चुकी है। तीसरी डोज फिलहाल स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को दी जाएगी। इसे सरकार ने सतर्कता डोज का नाम दिया है।

corona vaccine

किशोरों का वैक्सीनेशन 3 जनवरी से शुरू हुआ था। इसके लिए 1 जनवरी से रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि किशोरों का वैक्सीनेशन उत्साहजनक तौर पर आगे बढ़ रहा है। अब तक 1.42 करोड़ किशोरों ने टीका लगवाने का रजिस्ट्रेशन कराया है। सरकार लगातार अपील कर रही है कि इस वर्ग के लोगों को हर हाल में टीका लगवाया जाए। मंडाविया के मुताबिक टीका लगने से व्यक्ति कोरोना के दुष्प्रभावों से बचा रहता है और उसके अस्पताल जाने या मौत होने की आशंका कम हो जाती है। उन्होंने और नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने एक सवाल के जवाब में बताया कि जिस व्यक्ति को जो टीका लगा है, उसी की तीसरी डोज दी जाएगी।

corona vaccine

एक न्यूज एजेंसी का हवाला देते हुए अखबार ने लिखा है कि आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा किशोरों ने वैक्सीन लगवाई है। यहां इस आयुवर्ग की आबादी के 39.8 फीसदी को पहली डोज लग गई है। दूसरे नंबर पर हिमाचल प्रदेश है। यहां 15 से 18 आयुवर्ग के 37 फीसदी किशोरों को टीका लगा है। गुजरात नंबर 3 पर है। यहां कुल किशोरों में से 30.9 फीसदी को वैक्सीन की पहली डोज लग गई है। देश में इस आयुवर्ग के किशोरों की अनुमानित संख्या करीब 7.5 करोड़ बताई जा रही है।