
नई दिल्ली। आज आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे किरण कुमार रेड्डी आज बीजेपी में शामिल हो गए, कुछ समय पहले उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफ़ा देकर खुद को राजनीतिक ब्रेक दिया था। इसके साथ किरण कुमार रेड्डी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के भीतर कलह की तमाम वजहें हैं। उन्होंने कहा, पार्टी कई गलत फैसलों की वजह से अंदर से टूट रही है। इसके बाद उन्होंने बताया कैसे पार्टी राज्य दर राज्य टूटती जा रही है, संगठन की कमियां इसके लिए जिम्मेदार हैं। साथ ही हाईकमान के ऊपर कांग्रेस के खराब दिनों की जिम्म्मेदारी डालते हुए उन्होंने एक किस्सा याद दिलाया, ” मेरा राजा बुद्धिमान है, वह अपने आप नहीं सोचता, ना वो किसी की सुनता है, उम्मीद करता हूं सभी लोग समझ गए होंगे में किस तरफ इशारा कर रहा हूं।”
मार्च 2023 में कांग्रेस छोड़ने वाले किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस के संगठन की कमियों को उजागर करते हुए कहा, कांग्रेस एक लम्बे समय से खुद को गुमराह कर रही है, न वो अपनी कमियों को लेकर खुद विश्लेषण करते हैं, न दूसरों को ऐसा मौक़ा देते हैं, न किसी की सुनते हैं। वो सिर्फ ये सोचते हैं कि हम ही सही हैं बाकि देश की जनता को कुछ नहीं पता, ऐसी विचारधारा होने की वजह से ही मैंने पार्टी को छोड़ने का बड़ा निर्णय किया है।
राजनीतिक जानकारों की अगर मानें तो कांग्रेस को उनके जाने से इतना बड़ा झटका तो नहीं लगेगा पर जाहिर तौर पर रायसलीमा क्षेत्र में बीजेपी का जनाधार बढ़ने की पूरी संभावना है। इस बीच कयास तो ये भी लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी अगले विधानसभा चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा बना सकती है। आपको बता दें कि राज्य में 2024 में विधानसभा चुनाव कराया जाना है।