newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Congress Satyagraha: दिल्ली पुलिस ने नहीं दी कांग्रेस को राजघाट पर सत्याग्रह की मंजूरी, पार्टी ने अडानी मामले में लगाए और आरोप

कांग्रेस ने आज ही ताजा आरोप ये लगाया है कि एक विदेशी कंपनी को अडानी के भाई ने कर्ज दिया और इस कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया में गौतम अडानी की कंपनी की मदद की। जिसके बाद इस कंपनी को भी अडानी ग्रुप ने खरीद लिया। कांग्रेस ने आरोप ये भी लगाया है कि अडानी को 20000 करोड़ रुपए कहां से मिले ?

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी और अडानी के मुद्दे पर सियासत को गरम करने वाली कांग्रेस अब और बिफर सकती है। इसकी वजह दिल्ली पुलिस का फैसला है। दिल्ली पुलिस ने राजधानी में महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के सत्याग्रह आंदोलन को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर कांग्रेस के सत्याग्रह को मंजूरी नहीं दी है। जाहिर है, अब कांग्रेस इस मुद्दे को भी उठाकर हंगामा बरपा सकती है। कांग्रेस ने राहुल गांधी को मानहानि मामले में 2 साल की सजा मिलने के बाद उनकी संसद सदस्यता रद्द होने के खिलाफ आंदोलन का एलान पहले ही किया है।

कांग्रेस ने इस आंदोलन के तहत आज दिल्ली के राजघाट समेत देश के सभी राज्य और जिला मुख्यालयों में सत्याग्रह करने का एलान किया था। कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार आरोप लगा रहे हैं कि पीएम मोदी ही उद्योगपति गौतम अडानी को बचा रहे हैं। कांग्रेस ने आरोप ये भी लगाया है कि अडानी को 20000 करोड़ रुपए कहां से मिले और उनकी कंपनी में चीन का कौन व्यक्ति है? इसके अलावा कांग्रेस ने आज ही ताजा आरोप ये लगाया है कि एक विदेशी कंपनी को अडानी के भाई ने कर्ज दिया और इस कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया में गौतम अडानी की कंपनी की मदद की। जिसके बाद इस कंपनी को भी अडानी ग्रुप ने खरीद लिया।

कुल मिलाकर कांग्रेस राहुल गांधी और अडानी के मुद्दे पर जबरदस्त विरोध जता रही है। माना जा रहा है कि अगले कुछ समय में होने वाले कर्नाटक, राजस्थान छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के चुनावों में कांग्रेस अडानी और पीएम मोदी के तथाकथित रिश्तों को मुद्दा बनाकर जनता से बीजेपी को हराने की अपील करेगी। कांग्रेस काफी समय से आरोप लगा रही है कि 2014 से देश में लोकतंत्र खत्म हो गया है और संवैधानिक संस्थाओं को भी सरकार ने अपने कब्जे में कर रखा है।