newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Opposition Visit Manipur: आज से विपक्षी सांसदों का मणिपुर दौरा, हिंसाग्रस्त राज्य का माहौल जानने जा रहे

मणिपुर में इस साल 3 मई से हिंसा जारी है। बीच में कुछ दिनों की शांति के बाद शुक्रवार को फिर आपसी संघर्ष में 1 व्यक्ति की मौत होने की खबर है। इस हिंसा के दौरान बीते दिनों एक वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसमें दो कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र कर भीड़ अपने साथ एक खेत में ले जाती दिखी थी। इससे माहौल और खराब हुआ।

नई दिल्ली। 16 विपक्षी दलों के 21 सांसद आज मणिपुर जा रहे हैं। ये विपक्षी सांसद सुबह करीब 9 बजे दिल्ली से विमान के जरिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे के करीब वे मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचेंगे। मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह ने विपक्षी सांसदों के मणिपुर दौरे को मंजूरी दी है। विपक्षी सांसद मणिपुर के हिंसाग्रस्त पहाड़ी और घाटी वाले इलाकों में जाएंगे। उनका कहना है कि अगर राज्य सरकार ने हेलीकॉप्टर की सुविधा दी, तो सबसे ज्यादा हिंसा वाले चूड़ाचांदपुर जिले के दूर-दराज के इलाकों का भी दौरा करेंगे। इसके अलावा विपक्षी सांसद पहाड़ी और घाटी वाले इलाकों में 2-2 राहत शिविरों का भी दौरा करेंगे। इन राहत शिविरों में कुकी जनजाति और मैतेई समुदाय के पीड़ित लोगों को रखा गया है। इससे पहले कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने मणिपुर के हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा किया था।

manipur protests

विपक्षी सांसदों के दो दल बनाए गए हैं। एक दल में 10 तो दूसरे में 11 सांसद हैं। ये सभी पहले इंफाल पहुंचकर मणिपुर की गवर्नर अनुसुइया उइके से मुलाकात करेंगे। जिसके बाद मणिपुर के पहाड़ी इलाकों और घाटी में दौरे की शुरुआत करेंगे। ये सांसद रविवार दोपहर दिल्ली लौटेंगे। मणिपुर में इस साल 3 मई से हिंसा जारी है। बीच में कुछ दिनों की शांति के बाद शुक्रवार को फिर आपसी संघर्ष में 1 व्यक्ति की मौत होने की खबर है। इस हिंसा के दौरान बीते दिनों एक वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसमें दो कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र कर भीड़ अपने साथ एक खेत में ले जाती दिखी थी। आरोप है कि खेत में एक महिला से गैंगरेप किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस वीडियो पर गहरा दुख और नाराजगी दिखाई थी। उन्होंने कहा था कि मणिपुर की बहन-बेटियों से इस तरह की हरकत करने वाले एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मणिपुर पुलिस ने 4 मई को हुई घटना के बाद 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।

manipur arson 1

मणिपुर हाईकोर्ट ने मैतेई लोगों को आरक्षण देने के लिए राज्य सरकार से कहा था कि वो केंद्र को प्रस्ताव भेजे। इसके बाद ही हिंसा शुरू हो गई। राज्य में मैतेई हिंदू समुदाय के हैं। जबकि, कुकी और नगा भी यहां बसते हैं। मैतेई समुदाय घाटियों में रहता है। जो इलाके का करीब 10 फीसदी है। जबकि, कुकी और नगा पहाड़ी इलाकों में रहते हैं। मणिपुर की आबादी में मैतेई समुदाय करीब 53 फीसदी है। जबकि, कुकी और नगा मिलकर 40 फीसदी होते हैं। इनके अलावा मणिपुर में अन्य समुदाय के लोगों की भी कुछ संख्या है।