newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ukraine Crisis: रूस-यूक्रेन जंग खत्म कराने मैदान में उतरे PM मोदी, जेलिंस्की से की बात, पुतिन से भी आज करेंगे चर्चा

दुनियाभर के और नेता भी रूस और यूक्रेन से बातचीत कर मसले का हल निकालने की कोशिश में जुटे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों ने कई बार रूसी राष्ट्रपति पुतिन और जेलिंस्की से बात की है। वहीं, जर्मनी के चांसलर ओलोफ शोल्ज भी पुतिन और जेलिंस्की से बात कर चुके हैं।

नई दिल्ली/कीव। यूक्रेन पर 12 दिन से जारी रूस के हमले को खत्म कराने के लिए दुनियाभर में कोशिश हो रही है। इसी कोशिश में अहम रोल पीएम नरेंद्र मोदी का माना जा रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से अच्छी दोस्ती की वजह से यूक्रेन ने मोदी से युद्ध रुकवाने के लिए कहा है। मोदी इससे पहले पुतिन से इसी मसले पर बात कर चुके हैं। भारत ने भी संयुक्त राष्ट्र के सभी मंचों से जंग की जगह बातचीत से हल निकालने के लिए कहा है। मोदी ने आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दिमिर जेलेंस्की से बात की। दोपहर में वो पुतिन से भी बात करेंगे।

PM Modi and Putin

रूस ने 24 फरवरी से यूक्रेन को निशाना बनाना शुरू किया था। इसके बाद 26 फरवरी को मोदी ने जेलिंस्की से फोन पर बात की थी। मोदी ने यूक्रेन को मानवीय सहायता भी भेजी है। हालांकि, भारत ने किसी पक्ष का समर्थन नहीं किया है। भारत लगातार कह रहा है कि बातचीत ही समस्या का समाधान निकालने का एक मात्र रास्ता है। उसने कूटनीति को जरूरी बताया है। माना जा रहा है कि मोदी ने जेलिंस्की से बातचीत में यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए तो कहा ही है, साथ ही रूस के साथ बातचीत करने की सलाह भी यूक्रेन के राष्ट्रपति को दी है।

kyiv

दुनियाभर के और नेता भी रूस और यूक्रेन से बातचीत कर मसले का हल निकालने की कोशिश में जुटे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों ने कई बार रूसी राष्ट्रपति पुतिन और जेलिंस्की से बात की है। वहीं, जर्मनी के चांसलर ओलोफ शोल्ज भी पुतिन और जेलिंस्की से बात कर चुके हैं। तुर्की के राष्ट्रपति जेसिप तैयब एर्दुआं ने भी पुतिन से बात कर युद्ध रोकने की अपील की है। इससे पहले इजरायल के पीएम नफ्ताली बेनेट भी रविवार को पुतिन से मिले थे। बेनेट आज फिर पुतिन को फोन कर सकते हैं।