newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bihar School Leave: बिहार में स्कूलों की छुट्टियां घटाने पर सियासत में उबाल, मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज बोले- हो सकता है अब शरिया हो जाए लागू

स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि नियम के मुताबिक प्राथमिक स्कूलों में कम से कम 200 और छठी से 8वीं तक साल में 220 दिन पढ़ाई होनी चाहिए। इसी के मद्देनजर छुट्टियों की संख्या में कटौती की गई है। वहीं, मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह ने भविष्य में शरिया लागू होने की बात कहते हुए ट्वीट किया है।

पटना। बिहार में अब स्कूलों में छुट्टियों के मसले पर सियासत में उबाल आता दिख रहा है। शिक्षा विभाग ने बिहार के स्कूलों में 12 छुट्टियां कम कर दी हैं। यहां तक कि आज जो रक्षा बंधन की छुट्टी थी, उसे भी रद्द कर दिया गया है। मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह ने इस मुद्दे पर बिहार की नीतीश कुमार सरकार पर आरोप लगाया है। गिरिराज का कहना है कि संभव है कि आने वाले वक्त में बिहार में हिंदू त्योहार मनाने पर रोक लगा दी जाए। जानकारी के मुताबिक बिहार के सरकारी स्कूलों में अब सितंबर से दिसंबर तक 23 की जगह 11 छुट्टियां होंगी।

bihar education department

स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि नियम के मुताबिक प्राथमिक स्कूलों में कम से कम 200 और छठी से 8वीं तक साल में 220 दिन पढ़ाई होनी चाहिए। इसी के मद्देनजर छुट्टियों की संख्या में कटौती की गई है। यहां तक कि बिहार के सबसे बड़े त्योहार छठ पर भी छुट्टियों की संख्या कम की गई है। शिक्षा विभाग ने बिहार के सरकारी स्कूलों के लिए सितंबर से दिसंबर तक जो छुट्टियों की लिस्ट जारी की है उसके मुताबिक, चेहल्लुम पर 6 सितंबर, अनंत चतुर्दशी और पैगंबर मोहम्मद की जयंती पर 28 सितंबर, गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर, दुर्गा पूजा पर 22 से 24 अक्टूबर, दिवाली पर 12 नवंबर, चित्रगुप्त पूजा और भैया दूज पर 15 नवंबर, छठ पर 19 और 20 नवंबर और क्रिसमस पर 25 दिसंबर को स्कूलों में छुट्टी होगी।

मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के स्कूलों में छुट्टियां घटाने को मुद्दा बना लिया है। गिरिराज सिंह ने ट्वीट में लिखा है कि बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर छुट्टियां रद्द कर दी हैं। गिरिराज ने लिखा है कि कल संभव है कि बिहार में शरिया लागू कर दी जाए। जाहिर है, इस मामले में सियासत के और गरमाने के पूरे आसार दिख रहे हैं। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक हैं। वो बिहार की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए तमाम कोशिश कर रहे हैं। केके पाठक को सीएम नीतीश कुमार का खास भी बताया जाता है। इसी वजह से स्कूलों की छुट्टियां घटाने पर बीजेपी और तेज हमला कर रही है।