newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rahul In Controversy: फिर विवाद में घिरे राहुल गांधी, आदर्श घोटाले में आरोपी पूर्व सेनाध्यक्ष के साथ की यात्रा, बीजेपी ने उठाए सवाल

जनरल दीपक कपूर जिस आदर्श घोटाले में आरोपी रहे, उसमें मुंबई के कोलाबा में 31 मंजिल का कॉम्प्लेक्स बनाकर करगिल युद्ध के नायकों और उनके परिवारों को घर देना था, लेकिन उनको घर नहीं मिला था। जनरल दीपक कपूर और कई अन्य वरिष्ठ सैन्य अफसरों को इस मामले में आरोपी बनाया गया था।

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। फिलहाल उनकी यात्रा हरियाणा में है। अपनी इस यात्रा में राहुल गांधी लगातार किसी न किसी विवाद में घिरे। एक बार फिर एक विवाद उनकी यात्रा से जुड़ गया है। दरअसल, राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में रविवार को पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल दीपक कपूर समेत कई रिटायर्ड सेनाधिकारी भी शामिल हुए। दीपक कपूर के शामिल होने की वजह से राहुल पर बीजेपी को निशाना साधने का मौका मिल गया है। वजह है कि दीपक कपूर आदर्श घोटाले के आरोपी रहे हैं। बीजेपी ने इस मामले में राहुल और कांग्रेस को घेरा है।

general deepak kapoor and rahul gandhi 1
पूर्व सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर (बाएं) के साथ राहुल गांधी

हरियाणा के करनाल में रविवार को भारत जोड़ो यात्रा में रिटायर्ड जनरल दीपक कपूर शामिल हुए थे। उनके साथ ही इस यात्रा में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल आरके हुडा, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल वीके नरूला और रिटायर्ड एयर मार्शल पीएस भंगू समेत कई और सेनाधिकारी भी थे। जनरल दीपक कपूर जिस आदर्श घोटाले में आरोपी रहे, उसमें मुंबई के कोलाबा में 31 मंजिल का कॉम्प्लेक्स बनाकर करगिल युद्ध के नायकों और उनके परिवारों को घर देना था, लेकिन उनको घर नहीं मिला था। जनरल दीपक कपूर और कई अन्य वरिष्ठ सैन्य अफसरों को इस मामले में आरोपी बनाया गया था। जांच कमेटी ने राय तक दी थी कि दीपक कपूर और सेना के अन्य अफसरों को किसी भी सरकारी पद या दफ्तर को संभालने से वंचित किया जा सकता है। इसी को बीजेपी ने राहुल और कांग्रेस के खिलाफ मुद्दा बनाया है।

बीजेपी के नेता अमित मालवीय के ऊपर दिए ट्वीट में आदर्श घोटाले का नाम लेकर जनरल दीपक कपूर को आरोपी बताया गया। फिर जांच कमेटी की उनके खिलाफ सिफारिश की बात भी कही गई है। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस की तरफ से बीजेपी के आरोप पर कुछ कहा नहीं गया है। बात अगर राहुल गांधी की यात्रा और विवादों की करें, तो पहले ही हिंदू धर्म और देवी-देवताओं के खिलाफ बोलने वाले पादरी से मुलाकात और केरल में गाय काटने वाले पार्टी नेता को यात्रा में साथ लेकर वो घिरे थे।