Connect with us

देश

Congress Rally: भारत जोड़ो यात्रा से पहले आज दिल्ली में मोदी सरकार के खिलाफ माहौल बनाएंगे राहुल, महंगाई समेत इन मुद्दों पर है रैली

आज की कांग्रेस की रैली को भारत जोड़ो यात्रा से पहले केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश माना जा रहा है। रैली में महंगाई के अलावा जीएसटी के दायरे में रोजमर्रा के इस्तेमाल की नई चीजों को शामिल करने और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के नेता भाषण देंगे।

Published

rahul gandhi

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस की रैली है। रामलीला मैदान में होने वाली इस रैली को कांग्रेस ने ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ का नाम दिया है। इस रैली को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेता संबोधित करेंगे। आज की कांग्रेस की रैली को भारत जोड़ो यात्रा से पहले केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश माना जा रहा है। रैली में महंगाई के अलावा जीएसटी के दायरे में रोजमर्रा के इस्तेमाल की नई चीजों को शामिल करने और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के नेता भाषण देंगे। रैली के लिए दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय से बसें चलाई जाएंगी। ऐसी ही एक बस से राहुल गांधी के रैली स्थल पहुंचने की भी संभावना है।

modi and rahul

रैली के लिए कांग्रेस ने सभी नेताओं को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी है। दिल्ली के अलावा उससे सटे हरियाणा और यूपी के इलाकों से बड़ी तादाद में लोगों को लाने की तैयारी कांग्रेस ने की है। रैली में माहौल बनाने के बाद कांग्रेस के नेता और राहुल गांधी 7 सितंबर से कश्मीर से कन्याकुमारी तक 3500 किलोमीटर की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने वाले हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक आज की रैली में राहुल गांधी महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, जीएसटी पर तो बोलेंगे ही, साथ ही सांप्रदायिक सद्भाव कायम करने के लिए लोगों को संदेश भी देंगे। वो लोगों को बताएंगे कि कांग्रेस के जमाने और आज की सरकार के वक्त बड़े अंतर क्या आए हैं। बता दें कि राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार पर अलग-अलग मुद्दों के जरिए निशाना साधते रहे हैं।

congress rally

साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। दो साल से भी कम वक्त रह गया है। ऐसे में सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस इसी वजह से अभी से माहौल तैयार करने की कोशिश कर रही है। पार्टी आलाकमान का मानना है कि साल 2014 और 2019 में कांग्रेस ने चुनाव से ठीक पहले माहौल बनाया, लेकिन बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी के चेहरे का व्यापक प्रसार वो पढ़ नहीं सका। ऐसे में कांग्रेस इस बार चुनाव से काफी पहले ही अपने सबसे बड़े चेहरे राहुल गांधी को मैदान में उतारकर मोदी और बीजेपी के खिलाफ माहौल बनाने की तैयारी में जुटी है। इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका नहीं होंगे। सोनिया इलाज कराने अमेरिका गई हैं। प्रियंका भी उनके साथ हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement