
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के पार्षद को पुलिस ने जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पार्षद का नाम इदरीस बताया जा रहा है जो मुरादाबाद नगर निगम वार्ड 70 से सपा का पार्षद हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इदरीस के साथ जुआ खेलते हुए अन्य दो लोगों को भी अरेस्ट किया है। मौके से पुलिस ने 52 ताश के पत्ते और 1700 रुपये भी बरामद किये हैं। घटना सिविल लाईन थाना इलाके के चक्कर की मिलक की बताई जा रही है।
दो अन्य लोग भी गिरफ्तार
CO सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रामगंगा किनारे सपा पार्षद और उनके साथ अन्य साथी जुआ खेल रहे थे। पुलिस की टीम उस वक्त गश्त पर निकली थी। तभी हमारी टीम की नजर उनके ऊपर पड़ी। पार्षद और उसके अन्य साथियों के पास से ताश की गड्डी और पैसे भी बरामद किए गये। वहीं पकड़े जाने पर आरोपी पार्षद इदरीस अपने पद की धौंस दिखाने लगा। वो कहने लगा कि वो वार्ड का पार्षद है। हालांकि पुलिस ने सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने आरोपी पार्षद के अलावा रईस और फहीम को भी गिरफ्तार किया है जो चक्कर की मिलक के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।