newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Afshan Ansari And Shaista Parveen: अफशां अंसारी और शाइस्ता परवीन, दो दुर्दांत माफिया की पत्नियों की एक सी कहानी!

Afshan Ansari And Shaista Parveen: अफशां अंसारी के पति मुख्तार अंसारी की मौत हो चुकी है। वहीं, शाइस्ता परवीन के पति माफिया डॉन अतीक अहमद की भी जान जा चुकी है। अफशां और शाइस्ता की कहानी एक जैसी है। इस खबर से आप जान सकेंगे कि दोनों ने किस तरह एक जैसी किस्मत पाई है।

लखनऊ। माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की मौत हो गई। इससे पहले 2023 में एक अन्य माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की प्रयागराज में पुलिस हिरासत में ही हत्या हो गई थी। खास बात ये भी है कि मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद और अशरफ की मौत रमजान में ही हुई। ये भी गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद की पत्नियों की कहानी भी एक जैसी है।

मुख्तार अंसारी बीमार रहा। वो अस्पताल में भर्ती रहा। फिर उसकी मौत हो गई, लेकिन उसकी पत्नी अफशां अंसारी इस दौरान कहीं नहीं दिखी। वजह आपको बताते हैं। मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी फरार है। अफशां अंसारी पर 16 केस यूपी की योगी सरकार ने दर्ज करवाए थे। पुलिस ने जब अफशां अंसारी को गिरफ्तार करने की तैयारी की, तो वो गाजीपुर से लापता हो गई। अब तक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी का कोई अता-पता नहीं चला है। अफशां अंसारी पर यूपी पुलिस ने 75000 रुपए का इनाम भी घोषित किया है। अफशां अपने पति की इस हालत में उसके साथ नहीं रही। जबकि, पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार का दावा है कि जब मुख्तार अंसारी उस राज्य की जेल में था, तब अफशां भी नियम-कायदे तोड़कर उसके साथ रहती थी।

अफशां अंसारी की तरह अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन की भी कहानी है। अतीक की हत्या से पहले ही शाइस्ता परवीन फरार हो चुकी थी। अतीक की मौत के बाद आज तक शाइस्ता परवीन का कुछ अता-पता नहीं है। उसके खिलाफ भी गंभीर धाराओं में केस हैं और यूपी पुलिस अतीक अहमद की पत्नी को अब भी तलाश रही है। शाइस्ता परवीन पर यूपी पुलिस ने 50000 रुपए का इनाम भी घोषित किया हुआ है। शाइस्ता की देवरानी यानी अशरफ की बीवी जैनब भी अपने पति की मौत पर नहीं पहुंची थी। जैनब पर भी कई मुकदमे हैं और वो भी शाइस्ता के साथ ही फरार हुई थी। तो ये है दो दुर्दांत माफिया सरगनाओं मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद की पत्नियों की एक जैसी कहानी।