newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather: बर्फबारी, ओलावृष्टि, बारिश; जानिए मौसम विभाग ने किन इलाकों के लिए जारी किया अलर्ट

Weather: पूरे जनवरी भर कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हुआ। फ्लाइट और ट्रेनें लेट चलीं। फरवरी में भी लगातार एक के बाद एक पश्चिम विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश का दौर देखने को मिला। अब फिर मौसम करवट ले रहा है।

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के कारण फरवरी के जाते-जाते मौसम ने फिर करवट ली है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी हो रही है। वहीं, मैदानी इलाकों में बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि के नजारे दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने अब ताजा अनुमान में पश्चिमोत्तर भारत के कुछ इलाकों में अगले 2 दिन बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। कई राज्यों में बर्फबारी की चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली और उससे सटे इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिम के हिमालय वाले इलाकों में भी बर्फबारी और तेज बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि यूपी, उत्तराखंड और बिहार में कई जगह ओले गिर सकते हैं। पंजाब के 17 जिलों में बारिश भी होने के आसार हैं। वहीं, हरियाणा के रोहतक, पंचकूला, सोनीपत, करनाल, झज्जर, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पानीपत और जींद में तेज हवा के साथ ओले गिरने का अनुमान लगाते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट दिया है। पश्चिम बंगाल के हिमालय से सटे इलाकों और सिक्किम में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। यहां के लिए यलो अलर्ट है। वहीं, मौसम विभाग ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम में हिमालयी इलाकों में गुरुवार को बारिश और बर्फबारी होगी। जबकि, त्रिपुरा में भी भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इस बार मौसम लगातार बदलता रहा है। दिसंबर 2023 की 27 तारीख से ठंड का बढ़ना शुरू हुआ था। पूरे जनवरी भर कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हुआ। फ्लाइट और ट्रेनें लेट चलीं। फरवरी में भी लगातार एक के बाद एक पश्चिम विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश का दौर देखने को मिला। मैदानी इलाकों में भी बारिश हुई। इससे ठंड बनी हुई है। अब ताजा पश्चिमी विक्षोभ ने फिर मौसम को बदला है। जानकारी के मुताबिक मार्च के पहले हफ्ते तक बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। इसके बाद ही मौसम सुहाना बनने के आसार हैं।