newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और ओलावृष्टि समेत बारिश का दौर कई राज्यों में देखने को मिलेगा, जानिए मौसम विभाग का ताजा अनुमान

Weather Update: इस साल कई पश्चिमी विक्षोभ आए और इस वजह से मौसम लगातार बदलता रहा है। जनवरी से लेकर मार्च तक पश्चिमी विक्षोभों के कारण हिमालय वाले इलाकों में खूब बर्फबारी हुई थी। जबकि, मैदानी इलाकों में बारिश का दौर देखा गया था। इस वजह से मार्च के मध्य तक खूब ठंड भी पड़ी थी।

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम एक बार फिर कई राज्यों में करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगह बर्फबारी और भारी बारिश होने जा रही है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी धूल भरी आंधी और बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी और पश्चिमी मध्यप्रदेश में तूफान आ सकता है। इन जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विभाग का ताजा अनुमान बताता है कि पूर्वी यूपी, पूर्वी मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ में आंधी आ सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों और सिक्किम में बिजली चमकने और हल्की बारिश के आसार हैं। असम और मेघालय के अल्वा पूर्वोत्तर में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में बारिश के अलावा बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड, ओडिशा में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश के समुद्र तटीय इलाकों में मौसम गर्म रहेगा और यहां उमस भी होने की संभावना है।

कर्नाटक के भीतरी इलाकों, तेलंगाना में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश का भी अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इस साल कई पश्चिमी विक्षोभ आए और इस वजह से मौसम लगातार बदलता रहा है। जनवरी से लेकर मार्च तक पश्चिमी विक्षोभों के कारण हिमालय वाले इलाकों में खूब बर्फबारी हुई थी। जबकि, मैदानी इलाकों में बारिश का दौर देखा गया था। इस वजह से मार्च के मध्य तक खूब ठंड भी पड़ी थी। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के ताजा दौर के बाद गर्मी का बढ़ना शुरू होगा। मौसम विभाग ने कहा है कि इस साल काफी गर्मी पड़ने वाली है। वहीं, मॉनसून के सीजन में देश में काफी बारिश का अनुमान भी मौसम विभाग ने लगाया है।