
शिमला। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पद से इस्तीफे की पेशकश की खबर को गलत बताया है। उन्होंने इसे विपक्ष का दुष्प्रचार करार दिया। इससे पहले खबर आई थी कि सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीएम पद से इस्तीफे की पेशकश की है। खबर ये थी कि कांग्रेस आलाकमान के पर्यवेक्षकों के सामने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार बचाने के लिए वो सीएम पद से हटने के लिए तैयार हैं। इस बीच, खबर है कि आज शाम तक हिमाचल प्रदेश के बारे में कांग्रेस आलाकमान जरूरी फैसला ले सकता है। कुल मिलाकर ये तय है कि हिमाचल में सरकार बचाने के लिए कांग्रेस तेजी से हाथ-पैर मार रही है। इसमें कितनी सफलता मिलेगी, ये वक्त ही तय करेगा।
इससे पहले खबर आई थी कि लंदन दौरे पर गए राहुल गांधी ने हिमाचल कांग्रेस में संकट पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बात की। इस बातचीत के दौरान सुक्खू को हटाकर किसी और को सीएम बनाने पर भी राहुल गांधी और खरगे में चर्चा हुई। माना जा रहा है कि नए सीएम का नाम तय करने के बाद ही कांग्रेस आलाकमान सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल का सीएम पद छोड़ने के लिए कहेगा। हालांकि, किसे हिमाचल का सीएम बनाया जाएगा, इस सवाल पर तमाम अटकलें लग रही हैं। राज्य कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी सीएम बनने के रेस में आ सकती हैं। हिमाचल में जब विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस सत्ता में आई थी, उस वक्त भी प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने उनके लिए सीएम पद मांगते हुए खूब प्रदर्शन किया था।
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी की बीजेपी प्रत्याशी हर्ष महाजन से हार हुई। वो भी तब, जबकि कांग्रेस के पास 43 और बीजेपी के पास महज 25 ही विधायक हैं। बीजेपी ने कांग्रेस में ऐसी सेंधमारी की कि सिंघवी और महाजन दोनों को ही 43-43 वोट मिले। इसके बाद बीजेपी ने सुक्खू सरकार के अल्पमत में होने का दावा किया। वहीं, आज सुबह प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने भी मंत्री पद से इस्तीफा देकर सुक्खू पर बड़ा दबाव बना दिया। इसके बाद सुक्खू के इस्तीफे की पेशकश वाली खबर आई। हालांकि, उन्होंने इसे गलत बताया।