newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

तेलंगाना दुष्कर्म अमानवीय लेकिन विकास था सम्पूर्ण व्यवस्था को चुनौती, दोनों की तुलना निरर्थक

हैदराबाद गैंगरेप के सभी अभियुक्तों का अपराध को अंजाम देने के बाद भाग जाना यह बताता है कि उन्हें पुलिस के साथ-साथ लोगों का भी डर था जबकि विकास दुबे, कानपुर नगर व देहात क्षेत्र में आतंक का पर्याय था। इसके विरूद्ध कोई भी व्यक्ति साक्ष्य देने तथा पुलिस में शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था।

मुख्यधारा की मीडिया से लेकर सहज उपलब्ध सोशल मीडिया जगत तक, दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के गुनाहों से लेकर उसके गिरोह के सफाए तक के घटनाक्रम की विवेचना खूब की जा रही हैं। लेकिन इन सबके मध्य विकास दुबे के एनकाउंटर और तेलंगाना के रेप अपराधियों के एनकाउंटर को एक ही तर्ज पर देखे जाने की चर्चा भी सोशल मीडिया पर बहुत जोरों पर चल रही है। लेकिन क्या वाकई में इन दोनों “एनकाउंटर” में कोई समानता है? क्या दोनों अपराधों की प्रवृति एक ही थी?

Vikas Dubey

इस बात पर प्रकाश डालते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व डीजीपी बृजलाल कहते हैं कि यह तुलना निरर्थक है। अपराधी विकास दुबे के सभी अपराधिक कृत्यों के देखा जाए तो ‘धन लिप्सा’ के साथ ही उसके मन में राजसत्ता के प्रति अजीब तरह की नफरत दिखाई पड़ती है, जोकि आतंकियों और नक्सलियों में विद्यमान रहती है। जबकि तेलंगाना की अमानवीय घटना एक स्त्री के प्रति जघन्य अपराध था। दोनों अपराधों की प्रवृति पूणर्तः भिन्न है। एक मानवता के विरुद्ध कृत्य है तो दूसरा सम्पूर्ण व्यवस्था को चुनौती। अतः दोनों की तुलना ही बेमानी है।

Vikas Encounter

यहां एक बात और काबिल-ए-गौर है कि तेलांगना के रेप-अपराधियों ने यद्यपि जघन्यतम अपराध किया था किंतु इसके पूर्व उनका कोई बर्बर अपराधिक इतिहास नहीं रहा जबकि दुर्दांत अपराधी विकास दूबे के नाम पर दर्ज 64 मामले उसके हार्डकोर क्रिमिनल होने की मुनादी करते हैं। इन 64 मुकदमों में हत्या के 08, हत्या के प्रयास के 10, डकैती और लूट के 04 मामले और हाल ही में 08 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले दर्ज हैं। विकास दुबे उत्तर प्रदेश में 05 लाख रुपए का इनामी अपराधी था, जबकि हैदराबाद रेप कांड के अभियुक्तों पर किसी प्रकार का कोई इनाम घोषित नहीं था।

हैदराबाद गैंगरेप के सभी अभियुक्त, अपराध को अंजाम देने के बाद पुलिस के डर से फरार हो गए। वह सभी अपनी शिनाख्त को किसी भी कीमत पर जाहिर नहीं करना चाहते थे। जबकि विकास दुबे ने 2001 में यूपी सरकार के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री संतोष शुक्ला की दिनदहाड़े पुलिस थाने के अंदर हत्या की थी। न शिनाख्त छुपाने की कोशिश न पहचान जाहिर होने का डर। कानून के इकबाल को ऐसी वीभत्स चुनौती चंद अपराधियों के द्वारा ही मिली होगी।

hyderabad encounter

हैदराबाद गैंगरेप के सभी अभियुक्तों का अपराध को अंजाम देने के बाद भाग जाना यह बताता है कि उन्हें पुलिस के साथ-साथ लोगों का भी डर था जबकि विकास दुबे, कानपुर नगर व देहात क्षेत्र में आतंक का पर्याय था। इसके विरूद्ध कोई भी व्यक्ति साक्ष्य देने तथा पुलिस में शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था।

एक बात और कि हैदराबाद गैंगरेप के अभियुक्तों का पुलिस पर हमलवार होने का कोई रिकॉर्ड नहीं रहा जबकि विकास दुबे ने सदैव ही पुलिस को अपमानित किया। विकास दुबे का हर अपराध, शासन-सत्ता के इकबाल को चुनौती था। 2001 में पुलिस थाने के अंदर राज्यमंत्री संतोष शुक्ला का वीभत्स कत्ल हो या  2020 में 08 पुलिसकर्मियों का जघन्य हत्याकाण्ड, यह बताता है कि उसकी निगाह में राज्य की शक्ति का पर्याय ‘पुलिस’, कोई खास “हैसियत” नहीं रखती थी।

यह बात अलग है कि 02 जुलाई 2020 को अपराधी विकास दुबे को पुलिस की दबिश की सूचना काफी पहले ही प्राप्त हो गई थी। किंतु वह दुस्साहसिक अपराधी, फरार होने के बजाए असलहे और लोगों को इकट्ठा कर पुलिस पर हमले की योजना बनाता है। बर्बरता का आलम यह था कि पुलिसकर्मियों को पकड़ कर गोली मारी गई। इतनी बेरहमी कि शहीद सीओ देवेंद्र मिश्रा का पहले कुल्हाड़ी से पैर काटा फिर हत्या की। यहां तक उसने शहीद पुलिसकर्मियों के शवों को भी सामूहिक रूप से जलाने की नाकाम कोशिश की। उनके सरकारी असलहों को लूट लिया।

Kanpur Encounter
दरअसल विकास दुबे, नक्सलियों और आतंकियों की तरह स्वयं को स्वयंभू “सरकार” समझता था। वह चाहता था कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उसकी अनुमति के बिना उसके कथित क्षेत्र में प्रवेश न करें। पुलिस की दबिश को उसने अपनी स्वंयभू सरकार की हैसियत को चुनौती माना, अंजाम हमारे सामने है। जबकि हैदराबाद रेप काण्ड के अभियुक्तों के सम्बंध में ऐसी कोई बात नहीं थी।

गौरतलब है कि हैदराबाद रेप कांड के अभियुक्तों ने एक अकेली अबला के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की थी जबकि विकास दुबे ने अपने 70-80 हथियारबंद साथियों के साथ दबिश डालने आये पुलिसकर्मियों की हत्या कर उनके हथियारों को लूट लिया था। दोनों की प्रवृत्ति में जमीन-आसमान का अंतर था। तथ्य, तर्क और साक्ष्यों की बुनियाद पर देखा जाए तो सहज ही ज्ञात हो जाता है कि हैदराबाद बलात्कार कांड के अभियुक्तों का पूर्व में जघन्य अपराध का कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा, जबकि विकास दुबे के अपराध और उसकी दुर्दांत कार्यशैली, उसे एक खतरनाक हत्यारे, गैंगेस्टर व अभ्यस्थ अपराधी की परिधि तक ही सीमित नहीं रखते, बल्कि उसे आंतंकियों और नक्सलियों की श्रेणी तक ले जाते हैं।

hyderabad encounter

ज्ञात है कि नक्सलियों को अवश्य पुलिसकर्मियों का अंगभंग करते व उनके शवों पर नोचते देखा गया है। उसके पीछे उनका उद्देश्य राजसत्ता के विरूद्ध अपनी शक्ति और समार्थ्य को प्रकट करना होता है। विकास दुबे नक्सली भले न हो लेकिन नक्सल कार्यशैली से प्रेरित अवश्य था। विकास दुबे के पैतृक घर से एके-47 और इंसास राइफलों की बरामदगी उसके जघन्यतम अपराधी होने की गवाही दे रही हैं।

दोनों एनकाउंटरों में वहां की राज्य सरकार की कार्यवाहियों में भी काफी भिन्नता है। उत्तर प्रदेश सरकार ने दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच के लिए अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया बल्कि उसके साथ ही उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायमूर्ति के नेतृत्व में एकल सदस्यीय जांच अयोग का भी गठन कर दिया तथा आयोग द्वारा जांच भी प्रारम्भ की जा चुकी है। जबकि हैदराबाद बलात्कार कांड के एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच के लिए तेलंगाना सरकार ने अभी तक कोई न्यायिक आयोग गठित नहीं किया। अतः दोनों मामलों को समतुल्य बताना, विषय का अति सरलीकरण है। समाज और स्वयं को गुमराह करना है।