newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Global Times X Account Blocked In India : चीन सरकार के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स का एक्स अकाउंट भारत में ब्लॉक, अरुणाचल मुद्दे पर भी भारतीय विदेश मंत्रालय ने दिया सख्त जवाब

Global Times X Account Blocked In India : पाकिस्तान के साथ भारत की तनातनी और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ग्लोबल टाइम्स ने कई भ्रामक छपरें छापी थीं। जिसके बाद भारत के केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह कार्रवाई की। वहीं चीन के द्वारा अरुणाचल के कुछ हिस्सों का नाम बदले जाने पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि नाम बदलने से यह सच्चाई नहीं बदलेगी कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा।

नई दिल्ली। चीन की सरकार के मुखपत्र माने जाने वाले ग्लोबल टाइम्स पर भारत ने बड़ा एक्शन लिया है। मोदी सरकार ने ग्लोबल टाइम्स के सोशल मीडिया एक्स एकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया है। दरअसल पाकिस्तान के साथ भारत की तनातनी और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ग्लोबल टाइम्स ने कई भ्रामक छपरें छापी थीं। इसके अलावा भी ग्लोबल टाइम्स अक्सर भारत के खिलाफ झूठी खबरें चलाता है जिसके बाद भारत के केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह कार्रवाई की। इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों का नाम बदलने को लेकर भी भारतीय विदेश मंत्रालय ने चीन को दो टूक जवाब दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि नाम बदलने से यह सच्चाई नहीं बदलेगी कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा। उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा कि भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों के नाम बदलने की अपनी व्यर्थ की कोशिशें चीन जारी रखे हुए है। हमारे सैद्धांतिक रुख के अनुरूप, हम इस तरह के चीनी प्रयासों को पूरी तरह से अस्वीकार करते हैं। आपको बता दें कि चीन अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा करता रहता है। चीन का कहना है कि अरुणाचल प्रदेश दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा है। अरुणाचल सीमा पर भारत और चीन के जवानों के बीच कई बार तीखी झड़प भी हो चुकी है।

चीन अरुणाचल प्रदेश को जांगनान कहता है। इससे पहले 2024 में भी चीन ने इसी प्रकार की हरकत की थी। उसने अरुणाचल प्रदेश के कई जगहों का नाम बदल दिया था और 30 नए नामों की लिस्ट जारी भी की थी। हालांकि तब भी भारत ने चीन को दो टूक शब्दों में जवाब दिया था। इसके बाद चीन और भारत के बीच संबंधों में काफी तल्खी आ गई थी हालांकि बाद में दोनों देशों के बीच बॉर्डर पर सैनिकों की गश्त को लेकर समझौता हुआ जिसमें साल 2020 से पहले की स्थिति बहाल करने पर दोनों देश राजी हुए।