newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Uttarakhand Rainfall: बारिश से बेहाल हुआ उत्तराखंड, 40 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया शोक

Uttarakhand Rainfall: मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि पीडितों के साथ ही यात्रियां को हर संभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध करायी जाय। उन्होंने बन्द मार्गो को खोलने के भी निर्देश जिलाधिकारी को दिये।

नई दिल्ली। उत्तराखंड में भारी बारिश से तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। बादल फटने, भारी बारिश से आई बाढ़ के बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जान गवांने वालों की संख्या 40 तक जा पहुंची है। सरकार की ओर से प्रभावित लोगों के लिए मदद का ऐलान किया गया है। नैनीताल और अन्य क्षेत्रों के वीडियो भी सामने आए हैं जहां सड़कें, पुल सभी बहते हुए दिखाई दिए। इसके साथ ही रेल की पटरियों का हाल भी बेहाल हो गया है।

PM मोदी ने जताया शोक

उत्तराखंड में आई इस प्राकृतिक आपदा पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा के कारण लोगों की जान जाने से मैं व्यथित हूं। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। प्रभावित लोगों की मदद के लिए बचाव कार्य जारी है। मैं सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।’


उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से अतिवृष्टि के कारण उत्पन्न स्थिति का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी निरन्तर अनुश्रवण कर राहत एवं बचाव कार्यों के सम्बन्ध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश भी दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पीडितों को त्वरित राहत एवं अनुमन्य आर्थिक मदद के साथ ही तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों की सुविधा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिये हैं।


मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्वाहन मे सचिवालय स्थित राज्य आपदा प्रबन्धन कन्ट्रोल रूम जाकर प्रदेश में अतिवृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भी स्थिति का जायजा लिया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने गढ़वाल व कुमांऊ क्षेत्र के आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी से यात्रा व्यवस्थाओं तथा विभिन्न स्थानों पर रूके यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।


मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि पीडितों के साथ ही यात्रियां को हर संभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध करायी जाय। उन्होंने बन्द मार्गो को खोलने के भी निर्देश जिलाधिकारी को दिये।