newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Vinesh Phogat Reached Shambhu Border : किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर शंभू बॉर्डर पहुंचीं विनेश फोगाट, सरकार से किया निवेदन

Vinesh Phogat Reached Shambhu Border : विनेश ने कहा कि सरकार को इस मामले में बड़ा दिल दिखाना चाहिए, अगर लोग इस तरह सड़कों पर बैठे रहेंगे तो देश की प्रगति बाधित होगी। कई बार लाचारी महसूस होती है कि हम इतने बड़े स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन अपने परिवार को दुखी देखकर भी उनके लिए कुछ नहीं कर पाते।

नई दिल्ली। पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर आज रेसलर विनेश फोगाट भी किसानों के समर्थन में विरोध स्थल पर पहुंचीं। इस दौरान विनेश ने सरकार से अनुरोध किया कि किसानों की बात को सुना जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में बड़ा दिल दिखाना चाहिए, अगर लोग इस तरह सड़कों पर बैठे रहेंगे तो देश की प्रगति बाधित होगी। शंभू बॉर्डर पर पहुंचकर विनेश ने कहा कि किसानों को बैठे हुए 200 दिन हो गए हैं। यह देखकर दु:ख होता है। ये सभी इस देश के नागरिक हैं।

विनेश ने कहा कि किसान देश चलाते हैं। उनके बिना कुछ भी संभव नहीं है, यहां तक कि हम खिलाड़ी भी नहीं क्यों किसानों के उगाए अन्न को ही हम सब खाते हैं। कई बार लाचारी महसूस होती है कि हम इतने बड़े स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हम अपने परिवार को दुखी देखकर भी उनके लिए कुछ नहीं कर पाते। मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि उन्हें सुनना चाहिए। सरकार को अपने वादे पूरे करने चाहिए। विनेश ने कहा कि भले ही किसानों को यहां बैठे हुए 200 दिन हो गए हैं मगर उनका हौंसला ज्यों का त्यों है। किसानों का जोश देखकर ऐसा लगता है कि आज आंदोलन का पहला दिन है। किसानों को ही देखकर हमें भी अपने आंदोलन के लिए हौंसला मिला था।

इससे पहले आज सुबह ही किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने एक वीडियो के माध्यम से कहा था कि मैं शंभू मोर्चा के मंच से बोल रहा हूं। 200 दिन पूरे होने पर सभी तैयारियां चल रही हैं। लाखों किसान यहां और खनौरी व अन्य बॉर्डर पर जुटेंगे। केंद्र सरकार से हमारी मांग है कि यह रास्ता खोला जाए और हमें दिल्ली जाने दिया जाए, जहां हम शांतिपूर्वक एमएसपी की कानूनी गारंटी के साथ-साथ अन्य मांगें भी कर सकें।