newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Cold Wave And Fog: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरा जारी, मौसम विभाग ने अब की ये भविष्यवाणी

Cold Wave And Fog: कोहरा छाने के कारण सूरज काफी देर से निकल रहा है। सूरज की तपिश भी कम होती है। लोगों को जगह-जगह अलाव जलाते देखा जा रहा है। इसके अलावा कोहरे के कारण ट्रेन और विमान यातायात में भी रुकावट आ रही है। इससे आम लोगों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

नई दिल्ली। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कंपाने वाली ठंड जारी है। दिल्ली में बीती रात कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे ठंड और बढ़ गई है। दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 6 और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी में कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने आज से 28 जनवरी तक हिमालय वाले राज्यों में बर्फबारी और बारिश की भविष्यवाणी की है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है। दिल्ली और एनसीआर के इलाके में भी बारिश हो सकती है। जाहिर है, इससे ठंड और बढ़ेगी।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में बड़े इलाके पर घना कोहरा अभी कुछ दिन और देखने को मिल सकता है। पंजाब, हरियाणा, यूपी में रात से सुबह तक घना कोहरा हो रहा है। कोहरे के कारण लोगों को ठंड का डबल अटैक झेलना पड़ रहा है। कोहरा छाने के कारण सूरज काफी देर से निकल रहा है। सूरज की तपिश भी कम होती है। लोगों को जगह-जगह अलाव जलाते देखा जा रहा है। इसके अलावा कोहरे के कारण ट्रेन और विमान यातायात में भी रुकावट आ रही है। कई फ्लाइट और ट्रेनें देरी से चलने के कारण यात्रियों को वक्त पर अपने गंतव्य पहुंचने में दिक्कत हो रही है। कोहरा छंटने तक हालात ऐसे ही रहने का अनुमान है।

इस बार ठंड कुछ देर से आई। दिसंबर के मध्य तक ठंड बढ़नी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार दिसंबर के अंत में ठंड बढ़नी शुरू हुई। जनवरी खत्म होने को है, लेकिन ठंड का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। माना जा रहा है कि फरवरी के दूसरे हफ्ते तक ठंड कम होना शुरू होगी। फिर भी फरवरी के पूरे महीने ठंडी हवाओं से लोगों को दिक्कत हो सकती है। पहाड़ों पर बर्फ पिघलनी शुरू होने पर ठंड ज्यादा बढ़ जाती है। इसकी वजह ये है कि बर्फ जब पिघलती है, तो वो आबोहवा की गर्मी को सोखती है। फिलहाल अभी ठंड का ऐसा ही आलम झेलने के लिए तैयार रहिए।