newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Cold Wave And Fog: उत्तर भारत को फिलहाल ठंड और कोहरा से नहीं मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए जारी किया रेड अलर्ट

Cold Wave And Fog: पंजाब से लेकर यूपी और बिहार तक न्यूनतम तापमान भी ठंडी हवाओं और कोहरा के कारण काफी गिरा है। ज्यादातर इलाकों में 2 से लेकर 7 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान पिछले कुछ दिनों से दर्ज हो रहा है। हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नई दिल्ली। सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद अभी नहीं दिख रही है। पिछले दो दिन यानी सोमवार और मंगलवार को उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोहरा कुछ देर के लिए छंटा और सूरज की हल्की धूप लोगों को मिली, लेकिन अब आज फिर मैदानी इलाकों में कोहरा छाया हुआ है। रात से ही कोहरा काफी है। कोहरा और ठंडी हवा के कारण तमाम जगह तापमान में काफी गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल अगले 4 दिन तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। इसके अलावा मौसम विभाग का कहना है कि 25 जनवरी के बाद पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फ गिर सकती है। ऐसे में ठंड का सितम अभी जारी रहने का अंदेशा है। कोहरा और ठंड से आवागमन पर भी असर पड़ा है। तमाम ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में आज भीषण ठंड रहने वाली है। घने कोहरे का अलर्ट भी इन इलाकों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया है। मौसम विभाग ने राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में यलो अलर्ट रखा है। मौसम विभाग के मुताबिक ठंड अभी जारी रहेगी और कोहरा भी रात और तड़के काफी ज्यादा हो सकता है। पंजाब से लेकर यूपी और बिहार तक न्यूनतम तापमान भी ठंडी हवाओं और कोहरा के कारण काफी गिरा है। ज्यादातर इलाकों में 2 से लेकर 7 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान पिछले कुछ दिनों से दर्ज हो रहा है। हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से बर्फबारी और बारिश की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी ठंड का कहर जारी है। इन दोनों राज्यों में काफी बर्फबारी हुई और आगे भी बर्फबारी और बारिश के कारण मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं आएंगी और इससे सर्दी का सितम आम लोगों पर पड़ता रहेगा। कड़ाके की सर्दी से अगले महीने के पहले हफ्ते के बाद ही राहत का अनुमान है। यानी अभी करीब 2 हफ्ते तक मैदानी इलाकों में लोगों को सर्दी से ठिठुरना पड़ेगा।