newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Who is Mohan Manjhi? : कौन हैं मोहन मांझी जो बनेंगे ओडिशा ने नए मुख्यमंत्री, बीजेपी ने यहां भी लागू किया दो डिप्टी सीएम का फार्मूला

Who is Mohan Manjhi? : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में मोहन मांझी को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं प्रवति परीदा और केवी सिंह देव राज्य के दो डिप्टी सीएम होंगे।

नई दिल्ली। ओडिशा विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद बीजेपी ने अब सरकार गठन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज मोहन मांझी का नाम ओडिशा के नए मुख्यमंत्री के तौर पर चुना गया है। वहीं प्रवति परीदा और केवी सिंह देव डिप्टी सीएम होंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में मोहन मांझी को विधायक दल का नेता चुना गया। केवी सिंह देव ने मुख्यमंत्री पद के लिए मोहन मांझी के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सभी ने सर्वसम्मति से मान लिया।

मोहन मांझी चार बार के विधायक हैं। वह आदिवासी समुदाय से आते हैं। मोहन ओडिशा की क्योंझर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। वहीं नई डिप्टी सीएम बनने जा रहीं प्रवति परीदा निमापारा से विधानसभा चुनाव जीती हैं। जबकि दूसरे डिप्टी सीएम बनने जा रहे कनक वर्धन सिंह देव पटनगढ़ से विधायक हैं।

बीजेपी सांसद प्रदीप पुरोहित ने मोहन मांझी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ओडिशा में मोदी जी ने जो फार्मूला बताया था कि ओडिशा में जन्म लेने वाला, ओडिया बोलने वाला, जिसे ओडिशा की संस्कृति का ज्ञान हो और जिसके पास ओडिशा के विकास का विजन हो वही मुख्यमंत्री होगा। अब जब ओडिशा में बीजेपी सरकार बनने जा रही है तो मोदी जी का कथन सत्य हो गया।

आपको बता दें कि ओडिशा में पहली बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। इससे पहले यहां लगातार 24 साल से बीजू जनता दल की सरकार रही और नवीन पटनायक मुख्यमंत्री। लेकिन इस बार ओडिशा की जनता ने सत्ता परिवर्तन करते हुए 147 विधानसभा सीटों में बीजेपी को बहुमत के साथ 78 सीटों पर जीत दिलाई। 24 साल से सत्ता में काबिज बीजेडी सिर्फ 51 सीटें ही जीत सकी जबकि कांग्रेस के हिस्से सिर्फ 14 सीटे आईं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्कस्वादी को 1 सीट मिली और 3 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गईं।