newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Will Sunita Kejriwal Play Role Of Rabri Devi: क्या राबड़ी देवी की राह पर पत्नी सुनीता को चलाने जा रहे अरविंद केजरीवाल?, इन संकेतों से जानिए इस सवाल का जवाब

Will Sunita Kejriwal Play Role Of Rabri Devi: चारा घोटाला में जब लालू यादव की गिरफ्तारी हुई थी, तब उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को बिहार का सीएम बनवा दिया था। लालू जेल में थे और राबड़ी देवी सत्ता चला रही थीं। अब सुनीता केजरीवाल को भी अरविंद उसी राह पर बढ़ाते नजर आ रहे हैं।

नई दिल्ली। शराब घोटाला में घिरकर अरविंद केजरीवाल आखिरकार ईडी के हत्थे चढ़ गए और अब तिहाड़ जेल में हैं। गिरफ्तार होने से पहले ही अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी के नेता कहते रहे हैं कि अगर सीएम गिरफ्तार हुए, तो जेल से ही दिल्ली की सरकार चलाएंगे। अब केजरीवाल जेल में हैं और जेल के नियम कायदे यानी जेल मैनुअल वहां से सरकार चलाने की मंजूरी नहीं देता। ऐसे में ताजा घटनाक्रम से लग रहा है कि अरविंद केजरीवाल अब अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल को उसी राह पर चलाने की तैयारी में जुटे हैं, जिस राह पर आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को चलाया था।

lalu yadav and rabri devi
चारा घोटाले में गिरफ्तार होने पर लालू यादव ने पत्नी राबड़ी देवी को बिहार का सीएम बना दिया था।

 

चारा घोटाला में जब लालू यादव की गिरफ्तारी हुई थी, तब उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को बिहार का सीएम बनवा दिया था। लालू जेल में थे और राबड़ी देवी बतौर सीएम बिहार की सत्ता चला रही थीं। जबसे अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया है, फ्रंट में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल पूरी तरह उतर गई हैं। सुनीता केजरीवाल लगातार ईडी के दफ्तर जाकर अपने पति से मिलती रहीं। दो बार अरविंद केजरीवाल के संदेश भी उन्होंने पढ़े। रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की रैली में भी सुनीता केजरीवाल ने ही आम आदमी पार्टी की तरफ से भाषण दिया। अब आम आदमी पार्टी से चुने गए सभी विधायकों और केजरीवाल सरकार के मंत्रियों ने सुनीता से मुलाकात भी की है। इन सभी से संकेत मिल रहा है कि सुनीता केजरीवाल अब पार्टी को चलाने में अहम भूमिका अदा कर रही हैं।

 

इससे पहले सुनीता केजरीवाल अपने पति के साथ सियासी कार्यक्रमों में कम ही दिखती रही हैं। अरविंद केजरीवाल ही हर मामले में सामने आते रहे, लेकिन जिस तरह उनके जेल जाने के बाद सुनीता केजरीवाल ने आगे कदम बढ़ाए हैं, उससे ये साफ है कि राबड़ी देवी वाला रोल वो दिल्ली में जल्दी ही निभाती दिख सकती हैं। इसमें गौर करने की बात ये भी है कि जेल में मुलाकात के लिए अरविंद केजरीवाल ने जिन 6 लोगों का नाम दिया है, उनमें सुनीता तो हैं, लेकिन दिल्ली सरकार के किसी भी मंत्री का नाम नहीं है।