newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

निराश्रितों की मदद के लिए योगी सरकार ने खोला सरकारी खजाना, युद्धस्तर पर पहुंचेगा राशन

सीएम के निर्देश पर देहातों में ग्राम प्रधान निधि से निराश्रितों को एक हजार रूपए व राशन दिया जाएगा। शहरों में नगर निकाय को निराश्रितों को खाद्यान्न व एक हजार रुपये देने की ज़िम्मेदारी दी गयी है।

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहरों व ग्रामीण क्षेत्रों में बिना राशन कार्ड वाले निराश्रितों के लिए खजाना खोल दिया है। उन्हें चिन्हित कर तत्काल एक हजार रूपए व पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है। सीएम योगी ने आदेश दिया है कि युद्धस्तर पर निराश्रितों तक पर्याप्त राशन पहुंचाया जाए और तत्काल ही उनके राशन कार्ड भी बनाये जाएं। सीएम योगी के निर्देश पर यूपी में आज से एक बार फिर 18 करोड़ लोगों के लिए छठवीं बार निशुल्क खाद्यान्न का वितरण भी शुरू कर दिया गया है।

CM Yogi Adityanath

सीएम के निर्देश पर देहातों में ग्राम प्रधान निधि से निराश्रितों को एक हजार रूपए व राशन दिया जाएगा। शहरों में नगर निकाय को निराश्रितों को खाद्यान्न व एक हजार रुपये देने की ज़िम्मेदारी दी गयी है। सीएम योगी का आदेश है कि यदि कोई निराश्रित आयुष्मान भारत योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में रजिस्टर्ड नहीं है और उसके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है तो भी उसके बीमार पड़ते ही ग्राम प्रधान निधि या नगर निकाय निधि से तत्काल दो हज़ार रुपये मुहैया कराएं। साथ ही उसे बेहतर चिकित्सा भी उपलब्ध कराई जाए।

UP CM Yogi Adityanath

दुर्भाग्य से किसी निराश्रित की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए ग्राम प्रधान निधि या नगर निकाय निधि से उसे तत्काल 5 हजार रुपये उपलब्ध कराए जाएं। सीएम के आदेश के मुताबिक छोटी ग्राम पंचायतों की निधि में पैसा न होने पर भी निराश्रितों की मदद न रुकने दी जाए। डीएम उन्हें तत्काल टीआर- 27 से धनराशि उपलब्ध कराएं। बाद में सीएम रिलीफ फंड से इस धनराशि को प्राप्त किया जाए।