newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Wrestlers Doing Practice: आंदोलनकारी पहलवान मैट पर लौटे, एशियाई खेलों के लिए कर रहे तगड़ी प्रैक्टिस

पहलवानों ने पहले कहा था कि बृजभूषण शरण सिंह पर अगर कार्रवाई न हुई, तो वे एशियाई खेलों में नहीं जाएंगे। पहलवानों का कहना था कि आंदोलन की वजह से उनकी प्रैक्टिस नहीं हो पा रही है। इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ आंदोलनकारी पहलवानों की लंबी बैठक हुई थी।

सोनीपत। खेल की दुनिया से अच्छी खबर है। बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले पहलवानों में शामिल ओलंपियन बजरंग पुनिया, उनकी पत्नी संगीता फोगाट, विनेश फोगाट और गीता फोगाट ने एशियाई खेलों के लिए प्रैक्टिस शुरू कर दी है। ये सभी पहलवान सोनीपत में SAI के सेंटर में प्रैक्टिस कर रहे हैं। पहलवानों को क्वालिफाई करने के लिए ट्रायल देना होगा। अभी ये नहीं पता चला है कि बृजभूषण के खिलाफ सबसे ज्यादा मुखर रही पहलवान साक्षी मलिक ने प्रैक्टिस शुरू की है या नहीं। सभी पहलवानों के प्रैक्टिस के लिए लौटने पर एशियाई खेलों में भारत को तमाम मेडल मिलने की उम्मीद एक बार फिर जाग गई है।

geeta phogat

जानकारी के मुताबिक प्रैक्टिस शुरू करने से पहले 9 जून को विनेश फोगाट ने सोनीपत के साई सेंटर का दौरा किया था। इसके बाद ही बाकी पहलवान भी एक-एक कर यहां पहुंचे। विनेश की चचेरी बहन गीता फोगाट भी अपने पहलवान पति पवन सरोहा के साथ साई सेंटर में हैं। वो 2021 में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप के बाद मैटरनिटी लीव पर थीं। इस साल 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चीन के हांगझू में एशियाई खेल होने हैं। ये खेल पहले 2022 में होने थे, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से खेलों की दुनिया पर भी असर पड़ा था। खिलाड़ी प्रैक्टिस नहीं कर सके थे। वेन्यू भी तैयार नहीं किए जा सके थे। इस वजह से एशियाई खेलों को 2023 के लिए टाल दिया गया था।

wrestlers dharna

पहलवानों ने पहले कहा था कि बृजभूषण शरण सिंह पर अगर कार्रवाई न हुई, तो वे एशियाई खेलों में नहीं जाएंगे। पहलवानों का कहना था कि आंदोलन की वजह से उनकी प्रैक्टिस नहीं हो पा रही है। इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ आंदोलनकारी पहलवानों की लंबी बैठक हुई थी। माना जा रहा है कि सरकार की तरफ से समझाए जाने के बाद पहलवानों ने एशियाई खेलों की तैयारी शुरू की। आंदोलनकारी पहलवानों ने पहले ही अपनी सरकारी नौकरी भी ज्वॉइन कर ली थी।