newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia Bans Facebook: यूक्रेन से युद्ध के बीच रूस ने फेसबुक पर लगाया बैन!, बताई ये वजह

Russia Bans Facebook: शुक्रवार को रूस में फेसबुक पर आंशिक प्रतिबंध लगा दिया गया। रूस की सरकारी एजेंसी ने बताया कि, फेसबुक ने रूस के सरकारी समाचार एजेंसी और सरकारी टीवी चैनल पर गुरूवार को बैन लगा दिया था।

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण दुनियाभर में तनाव का माहौल पैदा हो गया है। जंग के तीसरे दिन रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हमला किया है। यूक्रेन पर आक्रमण के बीच रूस ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक (Facebook) पर बैन लगाने की घोषणा की है। हालांकि, यह बैन आंशिक रूप से लगाया गया है, यह बैन कब तक हटाया जाएगा अभी तक इसको लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। फेसबुक की बाकी सेवाएं व्हाट्स एप, मैसेंजर और इंस्टाग्राम पर इसका क्या असर पड़ेगा, इसके बारे में भी अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। रूस ने अपने इस कदम को रूसी मीडिया की रक्षा का हवाला करार दिया। रूस की सरकारी एजेंसी (regulatory body) ने कहा, अमेरिकी कंपनी रूसी जनता के अधिकारों का उल्लंघन कर रही है।

शुक्रवार को रूस में फेसबुक पर आंशिक प्रतिबंध लगा दिया गया। रूस की सरकारी एजेंसी ने बताया कि, फेसबुक ने रूस के सरकारी समाचार एजेंसी और सरकारी टीवी चैनल पर गुरूवार को बैन लगा दिया था। रूस की ओर से इस बैन को हटाने की मांग की गई थी, मगर फेसबुक ने मांग को नजरअंदाज कर दिया। जिसके बाद रूस ने फेसबुक को आंशिक रूप से अपने देश में बैन कर दिया। बता दें कि, फेसबुक की ओर से भी फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है।

गौरतलब है कि, बीते दो दिन से रूस के चौतरफा हमले का निशाना बने यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने अब एक बड़ा दावा करते हुए रूस को जबरदस्त झटका देने की बात कही है। यूक्रेन का दावा है कि दो दिन की जंग में उसने रूस के 3500 सैनिकों को मार डाला है। इसके अलावा रूस के 14 लड़ाकू विमान, 8 हेलीकॉप्टर, 102 टैंक, 536 आर्मर्ड वाहन और 15 तोपें नष्ट करने का दावा भी यूक्रेन कर रहा है। यूक्रेन ने कल ही रूस के 2800 सैनिकों को मारने का दावा किया था। यूक्रेन के कल और आज किए गए दावों पर रूस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया अब तक नहीं आई है।