
न्यूयॉर्क। यूपी की मूल निवासी 30 साल की एक महिला ने पति की लगातार पिटाई से तंग आकर अमेरिका के न्यूयॉर्क में खुदकुशी कर ली। उसने खुदकुशी से पहले एक वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। महिला का नाम मनदीप कौर है। वो यूपी के बिजनौर की रहने वाली थी। साल 2015 में उसकी शादी रंजोधबीर सिंह संधू से हुई थी। जिसके तीन साल बाद दोनों न्यूयॉर्क जाकर बस गए थे। महिला ने वीडियो में बताया है कि उसका पति रोज पीटता है। पति और ससुराल के लोग उसकी खुदकुशी के लिए जिम्मेदार हैं।
A Punjabi woman from New York committed suicide after facing extreme domestic violence from her husband for 8 years. It is really depressing and sad. I request @IndianEmbassyUS and @NYPDChiefOfDept to take action. #JusticeforMandeep pic.twitter.com/U6BleAEF2i
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) August 6, 2022
मनदीप ने वीडियो में बताया कि पति शादी के बाद से ही पीटता था। फिर न्यूयॉर्क में बसने का उसने प्लान बनाया। उसे लगा कि शायद अब माहौल बदलेगा, लेकिन रंजोधबीर हर रोज शराब पीकर घर लौटता और फिर उसे पीटता। मनदीप ने कहा कि 8 साल तक मैंने सबकुछ बर्दाश्त किया, लेकिन अब यातनाएं बर्दाश्त नहीं होतीं। इस वजह से मैं जान दे रही हूं। मनदीप ने अपने वीडियो में ये आरोप भी लगाया है कि उसके पति का दूसरी महिलाओं से भी संबंध है। उन महिलाओं के साथ भी वो रहता है। महिला के मुताबिक उसके मायके वालों ने सुलह कराने की काफी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। पति ने उसको अगवा तक कर लिया। जब पुलिस में शिकायत की बात होती, तो पति माफी मांगने लगता, लेकिन बाद में फिर पिटाई और उत्पीड़न का दौर शुरू हो जाता।
मनदीप की बहन कुलदीप ने आरोप लगाया है कि बेटा न होने के कारण उनकी बहन का उत्पीड़न ससुराल में होता था और पति उसे पीटता था। पति और ससुरालवाले कहते थे कि बेटा पैदा करो और मायके से 50 लाख रुपए लाकर दो। मनदीप और रंजोधबीर की 2 बेटियां हैं। मनदीप के पिता ने इस मामले में बिजनौर के नजीबाबाद थाने में आरोपी दामाद और उसके घरवालों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जानकारी ये भी मिली है कि न्यूयॉर्क पुलिस भी मामले की तफ्तीश कर रही है।