newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

India Slams Pakistan: ‘ड्रोन के जरिए हथियार भेज रहे, इससे हो सकता है तनाव’, यूएनएससी में पाक पर भारत का सीधा निशाना

भारत ने इससे पहले भी पाकिस्तान में आतंकवाद को पनाह देने के मामले में कई बार घेरा है। यूएनएससी में पिछले साल भारत जब अध्यक्ष रहा, तो उसने पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों पर अपनी चिंता दूसरे देशों से साझा की थी। पाकिस्तान लगातार भारत के जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियां करवाता है।

न्यूयॉर्क। भारत ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में पाकिस्तान को घेरा है। भारत ने सोमवार को यूएनएससी की बैठक में अवैध हथियारों और सैन्य उपकरणों के अवैध व्यापार पर रोक लगाने की मांग की। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी दूत रुचिरा कंबोज ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि भारत में सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों की अवैध खेप भेजी जा रही है। रुचिरा कंबोज ने कहा कि भारत इस अवैध हथियार सप्लाई की चुनौती का सामना कर रहा है। भारत की स्थायी दूत ने आगे कहा कि कुछ देश अवैध हथियारों का प्रसार कर रहे हैं। ऐसे देश आतंकवादियों के साथ गठजोड़ भी करते हैं। इन देशों को गलत हरकतों के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

ruchira kamboj
संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी दूत रुचिरा कंबोज।

रुचिरा कंबोज ने कहा कि हथियारों और सैन्य उपकरणों का अवैध तौर पर निर्यात अंतरराष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन है। इससे भू-राजनीतिक तनाव भी हो सकता है। ऐसे में इस अवैध कारोबार को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। साफ है कि भारत ने पाकिस्तान को इशारों में बता दिया है कि या तो वो ड्रोन के जरिए पंजाब और राजस्थान में हथियार और ड्रग्स भेजना बंद करे, वरना इसका नतीजा उसे भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। भारत और पाकिस्तान के बीच सरकारी स्तर की बातचीत भी काफी समय से बंद है।

unsc

भारत ने इससे पहले भी पाकिस्तान में आतंकवाद को पनाह देने के मामले में कई बार घेरा है। यूएनएससी में पिछले साल भारत जब अध्यक्ष रहा, तो उसने पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों पर अपनी चिंता दूसरे देशों से साझा की थी। पाकिस्तान लगातार भारत के जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियां करवाता है। पिछले काफी समय से वो पंजाब में खालिस्तानी तत्वों को बढ़ावा देने के साथ ही ड्रोन से हथियार और ड्रग्स भी भेज रहा है। बीते दिनों राजस्थान के जैसलमेर इलाके में भी पाकिस्तानी ड्रोन से भेजे गए हथियार बरामद हुए थे।