newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Joe Biden: ‘राष्ट्रपति के दफ्तर का सम्मान लेकिन देश से ज्यादा प्यार’, जो बाइडेन ने अमेरिका की जनता को किया संबोधित, उप राष्ट्रपति कमला हैरिस की भी जमकर तारीफ की

Joe Biden: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बुधवार की रात देशवासियों को संबोधित किया। अपने लंबे संबोधन में बाइडेन ने ये भी बताया कि वो अगले छह महीने तक क्या करेंगे। साथ ही उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को मजबूत और क्षमता वाला बताते हुए उनको सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बुधवार की रात देशवासियों को संबोधित किया। अपने लंबे संबोधन में बाइडेन ने ये भी बताया कि वो अगले छह महीने तक क्या करेंगे। साथ ही उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को मजबूत और क्षमता वाला बताते हुए उनको सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। बता दें कि जो बाइडेन ने पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से कमला हैरिस को प्रत्याशी बनाने के लिए समर्थन दे दिया है।

अमेरिका की जनता के नाम संबोधन में जो बाइडेन ने कहा कि वो राष्ट्रपति के दफ्तर का सम्मान करते हैं, लेकिन देश से ज्यादा प्यार करते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के लोगों के लिए काम करने में ताकत और खुशी मिलती है। उन्होंने इस पवित्र काम को अमेरिका के लोगों, उनके परिवारों और भविष्य के लिए बताया। जो बाइडेन ने अपने संबोधन में अगले 6 महीने के अपने लक्ष्य के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका देश को एकजुट करने की मशाल नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। नई आवाजों के लिए भी एक समय और एक स्थान है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि वो अगले 6 महीने अपने काम पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि वोट देने के अधिकार से लेकर चुनाव के अधिकार, निजी स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों की रक्षा करेंगे। नफरत और उग्रवाद से लड़ते रहेंगे। बाइडेन ने कहा कि अमेरिका में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।

जो बाइडेन ने कहा कि वो बच्चों को बंदूक से होने वाली हिंसा से बचाने के लिए बोलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका को मजबूत और सुरक्षित रखने के लिए काम करेंगे। साथ ही ये भी चाहेंगे कि अमेरिका स्वतंत्र विश्व का नेता बना रहे। उन्होंने कहा कि इस वक्त अमेरिका कहीं भी युद्ध में नहीं है। गाजा में युद्ध खत्म करने और बंधकों को रिहा कराने का काम करते रहने की भी बात कही। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश ऐसे मोड़ पर है, जो इतिहास के दुर्लभ क्षणों में है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के लोकतंत्र के हित को खुद की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा। कमला हैरिस के लिए उन्होंने कहा कि अमेरिका के लोग कुछ महीनों में देश का भविष्य चुनेंगे। उन्होंने कमला हैरिस की तारीफ करते हुए कहा कि वो अनुभव वाली हैं, मजबूत और क्षमता भी है। बाइडेन ने हैरिस को अविश्वसनीय साथी और देश का बेहतरीन नेता बताया।