पेरिस। पीएम नरेंद्र मोदी 2 दिन के दौरे पर फ्रांस गए थे। वहां राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों समेत तमाम नेताओं से मोदी ने मुलाकात की। पेरिस में भारतीयों को संबोधित किया। अपने फ्रांस दौरे में पीएम मोदी ने भारत के लिए काफी कुछ हासिल किया है। रक्षा से लेकर यूपीआई और भारतीय छात्रों को वीजा छूट इसमें शामिल है। फ्रांस और भारत में यूपीआई इस्तेमाल करने पर समझौता हुआ। अब पेरिस में एफिल टावर देखने जो भी भारतीय जाएगा, वो टिकट के लिए रुपए में पेमेंट कर सकेगा। वहीं, अपनी यूनिवर्सिटीज से मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले भारतीय छात्रों को फ्रांस 5 साल का वीजा देगा। मोदी और मैक्रों के बीच बातचीत में कई रक्षा समझौतों का भी एलान किया। भारत के मल्टी रोल हेलीकॉप्टरों के लिए इंजन बनाने का काम होगा। इसके अलावा डीआरडीओ और फ्रांस की कंपनी साफ्रान मिलकर जेट लड़ाकू विमानों का इंजन बनाएंगे। दोनों देशों के बीच कितनी करीबी है, ये इसी से पता चलता है कि मोदी के दौरे के आखिरी दिन फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने फ्रेंच, अंग्रेजी के अलावा हिंदी भाषा का भी अपने ट्वीट में इस्तेमाल किया और दोनों देशों की दोस्ती के अमर रहने की इच्छा जताई।
Vive l’amitié entre l’Inde et la France !
Long live the French-Indian friendship!
भारत और फ्रांस के बीच दोस्ती अमर रहे! pic.twitter.com/f0OP31GzIH— Emmanuel Macron (@EmmanuelMacron) July 14, 2023
मोदी और मैक्रों के बीच ये समझौता भी हुआ है कि मझगांव डॉकयार्ड में स्कॉर्पीन श्रेणी की तीन और डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बी बनेंगी। पहले ही इस श्रेणी की 6 पनडुब्बी बनाई जा चुकी हैं। नौसेना के लिए 26 राफेल-एम विमान खरीदने पर दोनों नेताओं में कोई बात नहीं हुई। हालांकि, भारत ने पेरिस के दूतावास में डीआरडीओ का दफ्तर स्थापित करने का फैसला किया है। इससे फ्रांस के साथ रक्षा सहयोग और बढ़ेगा। दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का ये 25वां साल है। इस मौके पर जारी दस्तावेज में कहा गया है कि फ्रांस से समय पर 36 राफेल की डिलीवरी का भारत स्वागत करता है। इसमें कहा गया है कि भविष्य में भारत और फ्रांस उन्नत वैमानिकी तकनीकी और अभूतपूर्व रक्षा सहयोग का विस्तार करेंगे।
President @EmmanuelMacron and I met top CEOs to discuss ways to diversify business cooperation. I highlighted the reforms in India and urged entrepreneurs to harness the many opportunities our nation offers. pic.twitter.com/tYvOuUdfW2
— Narendra Modi (@narendramodi) July 14, 2023
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मुलाकात और समझौतों के एलान के बाद पीएम मोदी ने उनके साथ फ्रांस के व्यापार जगत के दिग्गजों से भी मुलाकात की। उन्होंने इस बैठक में भारत में चल रहे आर्थिक सुधारों को गिनाया। भारत-फ्रांस सीईओ फोरम में पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच पुरानी दोस्ती की बात कही और इस यात्रा को और तेज करने का आह्वान किया। मोदी ने कहा कि देशों के बीच व्यापारिक समझौतों और इस समुदाय के बीच करीबी ने भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में बड़ा योगदान दिया है।