newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

US Warns India: रूस के खिलाफ कदम न उठाने पर अमेरिका हुआ भारत से नाराज, बाइडेन ने दी संकेतों में चेतावनी

हाल ही में जापान के पीएम फुमियो किशिदा भारत आए थे। जबकि, पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पीएम स्कॉट मॉरिसन से भी शिखर बैठक की है। बाइडेन के बयान से साफ हो गया है कि किशिदा का भारत दौरा यूं ही नहीं हुआ था। शायद वो अमेरिका के दूत के तौर पर भारत आए थे और रूस के खिलाफ प्रतिबंधों के बारे में भी बात की।

वॉशिंगटन। यूक्रेन पर जारी रूसी हमले में खुद कुछ न कर पाने वाला अमेरिका अब संकेतों में भारत को चेतावनी दे रहा है। ये चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने दी है। बाइडेन ने कहा है कि अमेरिका के प्रमुख सहयोगियों में भारत अपवाद है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन पर हमला करने वाले रूस को दंडित करने के पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों में भारत कुछ हद तक अस्थिर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के अलावा क्वॉड देशों में जापान इस मामले में बहुत मजबूत रहा है। बाइडेन ने ये भी कहा कि पुतिन की आक्रामकता से निपटने में ऑस्ट्रेलिया ने भी बेहतर कदम उठाए हैं।

fumiyo kishida

बता दें कि हाल ही में जापान के पीएम फुमियो किशिदा भारत आए थे। जबकि, पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पीएम स्कॉट मॉरिसन से भी शिखर बैठक की है। बाइडेन के बयान से साफ हो गया है कि किशिदा का भारत दौरा यूं ही नहीं हुआ था। शायद वो अमेरिका के दूत के तौर पर भारत आए थे और रूस के खिलाफ प्रतिबंधों के बारे में भी बात की। मॉरिसन और मोदी की बैठक में भी शायद रूस पर प्रतिबंध की बात उठी हो। हालांकि, तीनों ही देशों ने इस बारे में कोई बात खुलकर नहीं बताई है।

Putin And modi

बता दें कि पिछले कुछ साल में रूस से पुरानी दोस्ती के बावजूद भारत और अमेरिका करीब आए हैं। भारत ने अमेरिका से हॉवित्जर तोपों समेत अनेक हथियार भी खरीदे हैं। इससे पहले बाइडन सरकार की ओर से भारत पर रूसी एस-400 मिसाइल सिस्टम खरीदने पर नाखुशी जताई गई थी। इस पर भारत सरकार ने साफ कर दिया था कि संप्रभु राष्ट्र होने की वजह से वो अपनी रक्षा जरूरतों को कहीं से भी हासिल करने के लिए आजाद है। फिलहाल बाइडेन की दबी चेतावनी पर भारत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।