newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Yogi Adityanath At Akbarpur Rally : पहले जहां तमंचे बिकते थे, अब देश की सुरक्षा के लिए बनेंगी तोपें, इंडी गठबंधन पर बरसे योगी आदित्यनाथ, डिफेंस कॉरिडोर की गिनाई उपलब्धियां

Yogi Adityanath At Akbarpur Rally : यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा, ये चुनाव भारत को मजबूत बनाने का चुनाव है। आज एक नया भारत हमारे सामने है। आज डिफेंस कॉरिडोर के रूप में विकास हो रहा है। आज एक तरफ राम भक्त जो राष्ट्रभक्त भी हैं तो दूसरी तरफ रामद्रोही हैं।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर देहात के अकबरपुर में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ये चुनाव भारत को मजबूत बनाने का चुनाव है। आज एक नया भारत हमारे सामने है। आज डिफेंस कॉरिडोर के रूप में विकास हो रहा है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के समय में यहां तमंचे बिकते थे आज देश की सुरक्षा के लिए यहां तोपें बनेंगी। जब इन तोपों से देश के दुश्मन धराशाई होंगे तो कानपुर का नाम होगा कि यूपी के डिफेंस कॉरिडोर में बनी ये तोप दुश्मनों का खात्मा कर रही है। आज कानपुर में बना गोला-बारूद देश ही नहीं दुनिया भर में जा रहा है।

योगी बोले, एक तरफ मोदी जी देश के नए भारत के निर्माण में लगे हुए हैं और भारत को विकसित बनाने में जुटे हुए हैं तो वहीं दूसरी ओर रामद्रोही देशवासियों को आपस में लड़ाने की साजिश रच रहे हैं। पहले जाति के नाम पर, फिर क्षेत्र और भाषा के नाम पर विभाजनकारी राजनीति का गंदा खेल कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोग हमेशा से करते आए हैं।

यूपी सीएम ने कहा कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार के नारे ने ऐसा जादू किया कि विपक्षी दल चारों खाने चित हो गए हैं। जब इंडी गठबंधन को कुछ समझ नहीं आ रहा है तो ये भारत के खिलाफ साजिश रचने में जुट गए हैं। आज एक तरफ राम भक्त जो राष्ट्रभक्त भी हैं तो दूसरी तरफ रामद्रोही हैं। हमें मालूम है कि रामद्रोही का पतन तो हमेशा ही हुआ है।

योगी ने कहा, आज कांग्रेस के प्रत्याशी अपने नेताओं को कोसते हैं कि अगर उन्होंने अपने कार्यकाल में राम मंदिर का निर्माण करा दिया होता तो हमें ये दिक्कतें क्यों झेलनी पड़तीं। अगर उन्होंने आतंकवाद और नक्सलवाद का समाधान कर दिया होता तो देश में जो माहौल आज है वो पहले भी देखने को मिल सकता था।