newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

The Vaccine War: शोध के बाद विवेक अग्निहोत्री की फिल्म “द वैक्सीन वॉर” फिल्म की शूटिंग शुरू, साल 2023 की सुपरहिट लिस्ट में होगा नाम

The Vaccine War: अब विवेक अग्निहोत्री भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के ऐसे डायरेक्टर बन गए हैं जो स्वतंत्र फ़िल्मकार के रूप में विश्व में विख्यात हो गए हैं। नीचे मैं आपको बताने वाला हूं कि आखिर मैंने क्यों कहा कि साल 2023 में विवेक अग्निहोत्री एक सुपरहिट फिल्म देने वाले हैं।

नई दिल्ली। साल 2023 में विवेक रंजन अग्निहोत्री एक और सुपरहिट फिल्म देने वाले हैं। जी हां सही सुना आपने। आप सोच रहे होंगे एक पत्रकार होने के नाते मैं पंडित बनकर भविष्वाणी कैसे करने लग गया। लेकिन यक़ीन मानिए, विवेक अग्निहोत्री साल 2023 में एक बड़ी हिट फिल्म देने वाले हैं। विवेक अग्निहोत्री ने कश्मीर फाइल्स फिल्म से, पहले ही देश में अपना नाम बना लिया है। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के ये वो स्वतंत्र फ़िल्मकार हैं जिन्होंने भारत में ही नहीं विश्व में अपना नाम बनाया है। पहले जब भी स्वतंत्र पत्रकार का नाम सुनते थे तो हमें हॉलीवुड इंडस्ट्री के ही सफल स्वतंत्र निर्देशकों के नाम सामने मिलते थे लेकिन अब विवेक अग्निहोत्री भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के ऐसे डायरेक्टर बन गए हैं जो स्वतंत्र फ़िल्मकार के रूप में विश्व में विख्यात हो गए हैं। नीचे मैं आपको बताने वाला हूं कि आखिर मैंने क्यों कहा कि साल 2023 में विवेक अग्निहोत्री एक सुपरहिट फिल्म देने वाले हैं।

साल 2022 में पूरे साल जिस फिल्म का नाम सुपरहिट में जुड़ा रहा वो साल के शुरुआत में रिलीज़ हुई फिल्म द कश्मीर फाइल्स ही थी। अब 2023 में उनकी फिल्म द वैक्सीन वॉर रिलीज़ होने वाली है। इस फिल्म में दर्शकों को, कोरोना महामारी के दौरान डॉक्टर और वैज्ञानिकों का परिश्रम और निष्ठा देखने को मिलने वाली है। हम सब जानते हैं हमारे डॉक्टर और वैज्ञानिक कोरोना महामारी के दौरान अथक प्रयास और अपनी बुद्धि कौशल से कैसे लगातार महामारी के बीच देश की सेवा करते रहे। विवेक अग्निहोत्री ने डॉक्टर और वैज्ञानिक के इन प्रयासों को लगातार सराहा है और अब विवेक अग्निहोत्री इसी विषय पर आधारित फिल्म का निर्माण करने वाले हैं।

विवेक अग्निहोत्री जब भी किसी फ़िल्म का निर्माण करते हैं तो उस फिल्म में शोध पूर्ण रूप देखने को मिलता है। कश्मीर फाइल्स को बनाने के लिए भी विवेक अग्निहोत्री ने अथक प्रयास करके यथार्थ शोध का सहारा लिया और तब कश्मीर फाइल्स फिल्म बनाई। जो भारत ही नहीं बल्कि विश्व में चर्चा में बनी रही। आपको बता दें, फिल्म के क्राफ्ट में सबसे जरूरी बात होती है कि आप अपने विषय को कितना जानते हैं। आपने उससे संबंधित कितना रिसर्च किया है तभी जाकर आप दर्शकों को कुछ नया और विशिष्ट दिखा पाते हैं और जब आप कुछ नया और विशिष्ट दिखाते हैं तब आपकी फिल्म पहली बार में दर्शकों की आंख का तारा बन जाती है।

इसके अलावा हाल ही में विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि उन्होंने द वैक्सीन वॉर फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। इस फिल्म को कुल 3200 पन्नों में लिखा गया है और करीब 80 लोगों की दिन और रात की मेहनत और शोध ने फिल्म को कागज पर तैयार किया है। यहां पर ध्यान देने वाली बात है कि जब विवेक ने 3200 पन्नों का जिक्र किया तो इसका मतलब ये नहीं कि फिल्म 3200 पन्नों की होगी पर अनुमान के मुताबिक़ उन्होंने इस फिल्म के रिसर्च और ड्राफ्ट्स में करीब 3200 पन्नों पर काम किया होगा। आपको बता दें कोई भी फिल्म और कला पहली बार में अच्छी नहीं लिख जाती है आपको उसे बार-बार लिखना पड़ता है बार-बार दोहराना पड़ता है। पटकथा में मौजूद एक-एक शब्द पर अपना वक़्त देना होता है और आपके ड्राफ्ट पर ड्राफ्ट बढ़ते जाते हैं। अगर इस तरह की मेहनत किसी फिल्म से जुड़ी होती है तो ऐसी फिल्म अक्सर सुपरहिट होती हैं।


इस फिल्म को 15 अगस्त 2023 को रिलीज़ किया जाएगा। 15 अगस्त अपने आप में एक महान दिन है और ऐसे दिन पर जब ये फिल्म रिलीज़ होती है जिसमें हमारे देश के सैनिकों को सम्मानित किया गया हो। तब इस फिल्म को सुपरहिट का टैग न देना, व्यक्ति का व्यक्तिगत कुंठा से ग्रसित होना ही कहा जा सकता है। फिलहाल मुझे विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द वैक्सीन वॉर के सितारे चमकते हुए नज़र आ रहे हैं, बाकी मैं कोई पंडित तो नहीं हूं सिर्फ अनुमान लगा सकता हूं, असल जादू की छड़ी तो जनता के हाथ में ही है।