newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sushant Singh Rajput: ‘रिया चक्रवर्ती ने सुशांत की जिंदगी खराब कर दी’, बहन के दावे पर एक्ट्रेस ने दिया जवाब

Sushant Singh Rajput: बीते दिनों सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका सिंह ने एक इंटरव्यू दिया जिसमें उन्होंने कहा कि ‘रिया चक्रवर्ती ने उनके भाई की जिंदगी खराब कर दी थी। कई दिनों के बाद रिया ने प्रियंका को इस बात का जवाब दिया है।’

नई दिल्ली। रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। वो आज जिंदगी में आगे बढ़ गई हैं, लेकिन सुशांत सिंह के नाम के साथ आज भी उनका नाम आ ही जाता है। बॉलीवुड के उभरते और चमकते सितारे एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से अब तक, रिया चक्रवर्ती सुर्खियों में छाई रहती हैं। एक बार फिर सुशांत की मौत का मुद्दा गर्माता दिख रहा है। उसमें एक नया अपडेट आया है। याद हो, अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 के दिन अपने मुंबई के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, जिसके लिए रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार भी किया गया था। बीते दिनों सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका सिंह ने एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि ”रिया चक्रवर्ती ने उनके भाई की जिंदगी खराब कर दी थी।” कई दिनों के बाद रिया ने प्रियंका को इस बात का जवाब दिया है। रिया चक्रवर्ती ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि ‘शोर से ऊपर उठो। अपने घमंड से ऊपर उठो। इतना ऊपर उठो कि वो सिर्फ आपकी तरफ उंगली उठा सकें। क्योंकि आप वहां हो जहां वो कभी भी नहीं पहुंच सकते। आप शांत हैं। आप प्यार के साथ उड़ते हैं। आप सहानुभूति महसूस करते हैं जब वो आपको कोई वजह नहीं देते तब भी। उन्हें आश्चर्यचकित रहने दो। आप काफी हैं। आप पूर्ण हैं। आप जैसे हो वैसे ही प्यारे हो। उन्हें ये हक मत दो कि वो  आपको कुछ कह सकें।’ रिया के इस मैसेज को प्रियंका द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब माना जा रहा है।

गौरतलब है, कि सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका सिंह ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान कहा था कि ‘उनके भाई ने आत्महत्या नहीं की, उसका मर्डर हुआ था।’ प्रियंका का कहना था कि ‘ वो जब उस कमरे में गईं जहां सुशांत की मौत हुई, तभी समझ गई थीं कि उनके भाई ने आत्महत्या नहीं की है।’ उन्होंने आगे कहा था, ‘साल 2019 में रिया चक्रवर्ती जबसे सुशांत की जिदंगी में आई थी, उनकी जिदंगी खराब होनी शुरू हो गई थी। जिंदगी में पहली बार मेरे और मेरे भाई के बीच परेशानियां हुईं, ये सब केवल छह दिन के अंदर हुआ था।’ जब प्रियंका से पूछे गए इस सवाल पर कि क्या उन्हें लगता है कि ‘सुशांत की जिंदगी में रिया को किसी ने खास मकसद के साथ भेजा था’, तो उन्होंने उत्तर में कहा, ‘जी हां।’

बता दें, सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से बॉलीवुड में काफी हलचल मच गई थी, इसमें बॉलीवुड माफिया से लेकर ड्रग्स कनेक्शन तक की कई बड़ी खबरें सामने आई थीं। इस मामले में कई बड़ी हस्तियों से पूछताछ की गई थी, साथ ही रिया चक्रवर्ती को भी कुछ समय जेल में गुजारना पड़ा था। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही एनसीबी (Narcotics Control Bureau) ने सुशांत से जुड़े ड्रग्स केस में एक चार्जशीट दायर की है, जिसमें रिया चक्रवर्ती का नाम भी शामिल है। रिया पर आरोप लगाया गया है कि ‘उन्होंने सुशांत को ड्रग्स सप्लाई किए थे।’ हालांकि, अभी पूरी जांच नहीं हुई है। मामले की जांच सीबीआई और एनसीबी द्वारा की जा रही है।