newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

भारतीय सेना ने की स्थिति स्पष्ट, गलवन घाटी झड़प में घायल सभी सैनिकों की हालत स्थिर

लद्दाख के गलवन वैली में हुई हिंसक झड़प में घायल करीब 76 जवान अस्पताल में भर्ती हैं। घायलों में किसी भी जवान की हालत गंभीर नहीं है। लेह के अस्पताल में 18 सैनिक भर्ती हैं, 15 दिन में सैनिक काम पर वापस लौटने की हालत में होंगे।

नई दिल्ली। लद्दाख के गलवन वैली में हुई हिंसक झड़प में घायल करीब 76 जवान अस्पताल में भर्ती हैं। घायलों में किसी भी जवान की हालत गंभीर नहीं है। ये जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से दी है। लेह के अस्पताल में 18 सैनिक भर्ती हैं, 15 दिन में सैनिक काम पर वापस लौटने की हालत में होंगे।

अन्य अस्पतालों में 58 सैनिक हैं, उन्हें हल्की चोट हैं। वे 1 हफ्ते के अंदर काम पर वापस लौटने की हालत में होंगे। वहीं इससे पहले भारतीय सेना ने कहा था कि पूर्वी लद्दाख की गलवन घाटी में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प में शामिल कोई भी भारतीय सैनिक लापता नहीं है।

बता दें कि गलवन घाटी में सोमवार की रात भारत व चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी, जिसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। ऐसी खबरें थीं कि झड़प के बाद सोमवार रात से 10 भारतीय सैनिक लापता थे।

 

इसके अलावा इस झड़प में 43 चीनी सैनिकों के भी हताहत होने की बात सामने आई है। भारतीय सेना के जवानों पर सोमवार की रात धोखे से जानलेवा हमला किया गया था। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्पष्ट किया है कि उस समय जवानों के पास हथियार थे, मगर उन्होंने चीनी सैनिकों पर गोली नहीं चलाई।