newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

AAP Released First List Of 20 Candidates For Haryana : कांग्रेस से नहीं बनी बात, आम आदमी पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जारी की 20 उम्मीदवारों की पहली सूची

AAP Released First List Of 20 Candidates For Haryana : आम आदमी पार्टी की इस सूची में 11 सीटें ऐसी भी हैं जिन पर कांग्रेस पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इसका मतलब है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत सफल नहीं हो पाई।

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें 11 सीटें ऐसी भी हैं जिन पर कांग्रेस पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इसका मतलब है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत सफल नहीं हो पाई। आम आदमी पार्टी ने नारायणगढ़ से गुरपाल सिंह, समालखा से बिट्टू पहलवान, उचाना कलां से पवन फौजी, मेहम से विकास नेहरा, बादशाहपुर से बीर सिंह सरपंच, दाबवली से कुलदीप गदराना, रोहतक से बिजेंदर हुड्डा, बहादुरगढ़ से कुलदीप चिकारा, बादली से रनबीर गुलिया, बेरी से सोनू अहलावत सेरिया और महेन्द्रगढ़ से मनीष यादव को टिकट दी है। यही वो 11 सीटे हैं जहां से कांग्रेस पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

इसके अतिरिक्त कलायत से अनुराग ढांडा, पुंडरी से नरेंद्र शर्मा, घरौंदा से जयपाल शर्मा, आसंध से अमनदीप जुंधला, रनिया से हैप्पी रनिया, नारनौल से रविंदर मटरू, सोहना से धर्मेंद्र खटाना, बल्लभगढ़ से राजेंद्र फौजदार और भिवानी से इंदु शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने पर आप के हरियाणा प्रमुख सुशील गुप्ता का कहना है, हमारी पार्टी पूरी मुस्तैदी के साथ चुनाव में उतरेगी। बहुत जल्द, शाम तक आपको दूसरी सूची देखने को मिलेगी। नामांकन के लिए अब सिर्फ 3 दिन बचे हैं, इसलिए 3 दिन के अंदर सभी उम्मीदवारों को लाइनअप करना है, जिसके लिए स्क्रूटनी चल रही है।

सुशील गुप्ता ने कहा कि आदमी पार्टी हरियाणा में एक अच्छा और मजबूत विकल्प है। आम आदमी पार्टी एक व्यवस्था बदलने की राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है और पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरे संयम के साथ चुनाव के मैदान में डटा हुआ है। मैं आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में नहीं पड़ना चाहता, हम लोग हरियाणा की व्यवस्था को बदलने की लड़ाई लड़ रहे हैं और आम आदमी पार्टी इस पर काम कर रही है।