newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

AAP Punjab Contestants: आम आदमी पार्टी ने पंजाब की 13 में से 8 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों का किया एलान, भगवंत मान सरकार के इन मंत्रियों को भी दिया टिकट

AAP Punjab Contestants: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पहले ही एलान किया था कि उनकी पार्टी पंजाब की सभी लोकसभा सीटों पर अकेले ही लड़ेगी। दिल्ली, गोवा, गुजरात में तो आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ सीटों का बंटवारा किया, लेकिन पंजाब में दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हुआ।

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब की 13 में से 8 लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने इस लिस्ट में भगवंत मान सरकार में मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को भी जगह दी है। आम आदमी पार्टी की लिस्ट के मुताबिक कुलदीप सिंह धालीवाल अमृतसर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा खडूर साहिब सीट से लालजीत सिंह भुल्लर को उम्मीदवार बनाया गया है। जालंधर सीट से सुशील कुमार रिंकू को टिकट मिला है। वो सांसद हैं। फतेहगढ़ साहिब से गुरप्रीत सिंह जीपी, फरीदकोट सीट से करमजीत अनमोल, बठिंडा लोकसभा सीट से गुरमीत सिंह खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया है। वो भी पंजाब सरकार में मंत्री हैं। आम आदमी पार्टी ने संगरूर लोकसभा सीट से गुरमीत सिंह मीत हेयर को और पटियाला सीट से डॉ. बलबीर सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। बलबीर भी भगवंत मान की सरकार में मंत्री हैं।

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पहले ही एलान किया था कि उनकी पार्टी पंजाब की सभी लोकसभा सीटों पर अकेले ही लड़ेगी। दिल्ली, गोवा, गुजरात में तो आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ सीटों का बंटवारा किया, लेकिन पंजाब में दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हुआ। ऐसे में आम आदमी पार्टी को अभी पंजाब की 5 और लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने हैं। पूरी उम्मीद है कि पंजाब की सभी 13 सीटों पर कांग्रेस भी उम्मीदवार उतारेगी। ऐसे में विपक्षी गठबंधन में शामिल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच पंजाब में चुनावी टक्कर देखने को मिलेगी।

पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। सीएम भगवंत मान ने कुछ वक्त पहले ही मीडिया से बात करते हुए दावा किया था कि पंजाब की सभी 13 सीट पर आम आदमी पार्टी ही चुनाव जीतेगी। हालांकि, कई ओपिनियन पोल में भगवंत मान का ये दावा गलत साबित होने की बात कही गई है। अब सबकी नजर इस पर है कि पंजाब में लोकसभा सीटों के नतीजे किसके पक्ष में आते हैं।