
नई दिल्ली। हाल ही में विधानसभा चुनाव हुए। गुजरात में बीजेपी जीती, दिल्ली के एमसीडी में आम आदमी पार्टी की जीत हुई। दोनों जगह कांग्रेस की दुर्गति हुई। सिर्फ हिमाचल ने 1985 से अपने पुराने अंदाज को बरकरार रखते हुए इस बार बीजेपी की जगह फिर कांग्रेस को सत्ता सौंप दी। कांग्रेस के नेता इसी जीत पर उल्लास से भरे हैं, लेकिन उनके ही एक नेता ने पार्टी में हो रहे हिमाचल जीत के उल्लास के मामले में आईना दिखा दिया है। पार्टी के इस नेता का नाम है आचार्य प्रमोद कृष्णम। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस को ‘रेगिस्तान’ जैसा बताया है।
एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में आचार्य प्रमोद कृष्णम बैठे थे। विधानसभा चुनाव और एमसीडी के नतीजों पर चर्चा चल रही थी। तभी कांग्रेस में हो रहे उल्लास का मसला उठा। इस पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अपनी बात रख दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत रेगिस्तान जैसी हो गई थी। 2-4 बूंदें गिरी हैं। इस वजह से पार्टी के कार्यकर्ता जोश में हैं। आचार्य की बात सुनकर पैनल और एंकर को हंसी छूट गई। बता दें कि आचार्य प्रमोद कृष्णम बीते काफी दिन से मुखर रहे हैं। वो प्रियंका गांधी के सलाहकार भी रहे हैं। हाल के चुनाव नतीजों पर भी वो काफी कुछ ट्विटर पर लिखते रहे हैं।
#Kurukshetra | हिमाचल की जीत पर कांग्रेस प्रवक्ता @AcharyaPramodk क्यों बोले ‘कांग्रेस की हालत रेगिस्तान जैसी हो गयी थी 2-4 बूंदे गिरी है इसलिए कार्यकर्ता जोश में है ?#GujaratElections2022 #PMModi #BJP #Congress #Intellectuals #Neutral pic.twitter.com/NgZYMqGzhV
— India TV (@indiatvnews) December 9, 2022
प्रमोद कृष्णम ने हिमाचल और गुजरात के नतीजे आने के बाद इनपर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और उनके धुर विरोधी सचिन पायलट का नाम लेकर भी टिप्पणी की थी। आचार्य प्रमोद ने ट्विटर पर लिखा था कि गुजरात में अशोक गहलोत को पर्यवेक्षक बनाया गया था। वहां का हाल पार्टी देख ले। जबकि, हिमाचल में युवा नेता सचिन पायलट को पर्यवेक्षक बनाकर चुनाव में कांग्रेस ने हिस्सा लिया, तो वहां का भी हाल यानी जीत देखे। आचार्य प्रमोद काफी दिनों से सचिन पायलट को राजस्थान का सीएम बनाए जाने की बात भी करते रहे हैं।