newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bangladeshi Arrested: भारत में मंदिरों को तोड़ने की प्लानिंग कर रहा था बांग्लादेशी, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

Bangladeshi Arrested: एनआईए सूत्रों के मुताबिक अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे से जहांगीर काफी उत्साहित था। उसने करीब 10 लोगों के साथ मंदिरों पर हमले करने का प्लान बनाया। और भी लोगों को इस काम से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।

कोलकाता। बांग्लादेश के सातखीरा इलाके के रहने वाले जहांगीर विश्वास नाम के युवक को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट से गिरफ्तार किया गया है। जहांगीर तालिबान का उदाहरण देकर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को भारत में मंदिरों को तोड़ने के लिए साजिश रच रहा था। इस युवक और उसके साथियों पर तमिलनाडु में भी कई मंदिरों में तोड़फोड़ का आरोप है। इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA को दी गई है। सूत्रों के मुताबिक भारत-बांग्लादेश सीमा पर बशीरहाट के घोजाडांगा इलाके में जहांगीर अपना नाम बदलकर रह रहा था। वह बिना वैध वीजा के सीमा पार करके भारत आया था। पता चला है कि कुछ दिन पहले तमिलनाडु गया था। जहां पुलिस ने उसे पकड़ने की योजना तैयार की, लेकिन जहांगीर वहां से भाग निकला। वह बांग्लादेश वापस भागने की फिराक में था, लेकिन बीएसएफ की 153 नंबर बटालियन के जवानों के हत्थे चढ़ गया। पुलिस और खुफिया सूत्रों के मुताबिक जहांगीर की उम्र 28 साल है।

बता दें कि वह बांग्लादेश के सातखीरा जिले के नलड़ा गांव का निवासी है। करीब 8 साल पहले बशीरहाट के घोजाडांगा इलाके से चुपचाप वह भारत आ गया था। कुछ दिन बाद तमिलनाडु चला गया और चेन्नई में रहने लगा। बीते कुछ दिन से जहांगीर सोशल मीडिया पर हिंदूओं के खिलाफ पोस्ट कर रहा था। दिन के वक्त राज मिस्त्री का काम करता था। भारत में अवैध तौर पर रहने वाले और भी बांग्लादेशी नागरिकों के उसके साथ संबंध हैं।

एनआईए सूत्रों के मुताबिक अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे से जहांगीर काफी उत्साहित था। उसने करीब 10 लोगों के साथ मंदिरों पर हमले करने का प्लान बनाया। और भी लोगों को इस काम से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। तमिलनाडु में कई मंदिरों में जहांगीर और उसके साथियों ने तोड़फोड़ भी की थी। इस मामले में जहांगीर समेत तीन लोगों को पकड़ा गया है।