newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Jolt To Rahul Gandhi: मिलिंद देवड़ा के रूप में राहुल गांधी को लगा चौथा झटका, इससे पहले बीते 4 साल में इन करीबियों ने भी छोड़ा था साथ

Jolt To Rahul Gandhi: केंद्र में कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के दौरान राहुल गांधी की युवा टीम के तमाम सदस्य मंत्री भी रहे, लेकिन 2014 में जब बीजेपी के उभार और सत्ता में आने के बाद कांग्रेस के बुरे दिन शुरू हुए, तो राहुल गांधी की ये युवा टीम भी छिन्न-भिन्न होती दिखाई दी।

नई दिल्ली। राहुल गांधी ने जब कांग्रेस के सांसद के तौर पर सक्रिय राजनीति में अपनी आमद दर्ज कराई और पार्टी में उनका दबदबा बना, तो उन्होंने अपनी एक युवा टीम बनाई थी। इस युवा टीम में राहुल गांधी की पसंद के लोग थे। केंद्र में कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के दौरान राहुल गांधी की युवा टीम के तमाम सदस्य मंत्री भी रहे, लेकिन 2014 में जब बीजेपी के उभार और सत्ता में आने के बाद कांग्रेस के बुरे दिन शुरू हुए, तो राहुल गांधी की ये युवा टीम भी छिन्न-भिन्न होती दिखाई दी। हालत ये है कि बीते 4 साल में उनकी युवा टीम के चार अहम चेहरों ने कांग्रेस का हाथ झटक दिया है। कांग्रेस और राहुल गांधी का साथ छोड़ने वाले चौथे चेहरे मिलिंद देवड़ा हैं।

महाराष्ट्र कांग्रेस के दिग्गज मिलिंद देवड़ा ने आज कांग्रेस छोड़ने का एलान किया।

मिलिंद देवड़ा के बारे में पहले कई बार कयास लगे कि वो बीजेपी में जा रहे हैं, लेकिन मिलिंद नहीं गए। फिर शनिवार यानी बीते कल चर्चा का दौर शुरू हुआ कि मिलिंद अब एकनाथ शिंदे की शिवसेना में जाएंगे, लेकिन मिलिंद ने इन चर्चाओं को अफवाह बताया, लेकिन रात बीतते ही मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस का दामन छोड़ने का एलान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से परिवार का 55 साल पुराना नाता तोड़ रहे हैं। साल 2004 और 2009 में मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से सांसद बने मिलिंद देवड़ा केंद्र सरकार में साल 2012 में नौ परिवहन मंत्रालय के राज्य मंत्री भी रहे थे।

rpn singh
आरपीएन सिंह भी राहुल गांधी की युवा टीम के अहम सदस्य माने जाते थे।

मिलिंद देवड़ा से पहले साल 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की युवा टीम के एक और सदस्य आरपीएन सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी थी। आरपीएन सिंह बीजेपी में चले गए थे। आरपीएन ने कांग्रेस उस वक्त छोड़ी, जब पार्टी ने उनको यूपी में स्टार प्रचारक भी बनाया था। आरपीएन सिंह भी मनमोहन सिंह की यूपीए सरकार में पेट्रोलियम और गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री रहे थे।

jitin prasad
जितिन प्रसाद भी कांग्रेस छोड़ बीजेपी में गए। वो भी यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे थे।

आरपीएन सिंह से पहले कांग्रेस और राहुल गांधी की टीम के युवा चेहरे जितिन प्रसाद भी साल 2021 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में चले गए थे। वो अभी यूपी की योगी सरकार में मंत्री हैं। जितिन प्रसाद के पिता जीतेंद्र प्रसाद भी कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे। जितिन प्रसाद भी राहुल गांधी की युवा टीम के सदस्य रहते केंद्र की यूपीए सरकार में मंत्री रहे थे। कांग्रेस में तवज्जो न मिलने और यूपी कांग्रेस के कुछ नेताओं से नाराजगी के कारण वो बीजेपी में गए थे।

jyotiraditya scindia 2
राहुल गांधी की युवा टीम से सबसे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पल्ला छुड़ा लिया था।

राहुल गांधी की युवा टीम के सदस्यों के कांग्रेस छोड़ने की शुरुआत साल 2020 में हुई थी। तब ग्वालियर के महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नाराज होकर कांग्रेस से इस्तीफा दिया था और बीजेपी ज्वॉइन की थी। वो अभी मोदी सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री हैं। ज्योतिरादित्य के पिता माधवराव सिंधिया भी कांग्रेस के कद्दावर नेता थे। खास बात ये कि ज्योतिरादित्य भी राहुल गांधी की युवा टीम के अहम सदस्य माने जाते थे और यूपीए यानी मनमोहन सिंह की सरकार में मंत्री रहे थे। ज्योतिरादित्य के कांग्रेस छोड़ने पर पार्टी को मध्यप्रदेश में बड़ा झटका भी लगा था। तब सिंधिया के करीब 28 कांग्रेस विधायकों ने भी पार्टी छोड़कर बीजेपी ज्वॉइन की थी। जिससे कमलनाथ की कांग्रेस सरकार गिर गई थी और एक बार फिर मध्यप्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी थी।