newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

प्रियंका गांधी की ‘हाईटी’ में किस मीडिया वाले ने कर दी जासूसी? 5 बाकी बचे विधायकों वाली कांग्रेस में छिड़ा नया घमासान

Clash in Congress: यूपी में कांग्रेस के कुल 7 विधायक चुने गए थे जो दो की बगावत के बाद अब केवल 5 बचे हैं। रायबरेली से विधायक अदिति सिंह और रायबरेली की ही हरिचंदपुर सीट से विधायक राकेश सिंह पहले ही कांग्रेस से बगावत कर चुके हैं।

नई दिल्ली। प्रियंका गांधी के समर्थकों की लॉबी लगातार ये शोर शराबा करती आ रही है कि वे कांग्रेस को नई संजीवनी देने आई हैं। मगर हकीकत में प्रियंका गांधी के हास्यास्पद  और बचकाना फैसलों से यूपी में कांग्रेस बद से बदतर होती जा रही है। प्रियंका गांधी जमीन पर लड़ाई लड़ने के बजाय मीडिया की हेडलाइनों में बने रहने की लड़ाई लड़ती आ रही हैं और इस सबके पीछे उनके निजी सचिव और जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष संदीप सिंह का दिमाग बताया जा रहा है। प्रियंका गांधी के यूपी के हालिया दौरे में भी बचकानेपन की यही तस्वीर सामने आई है। दरअसल प्रियंका गांधी के सलाहकारों ने कल रात एक हाईटी पार्टी का आयोजन किया जिसमें कुछ चुनिंदा पत्रकारों को बुलाया गया। प्रियंका गांधी के ठिकाने पर आयोजित इस हाईटी पार्टी में लखनऊ के जिन पत्रकारों को आमंत्रित किया गया उनमें एनडीटीवी और इंडिया टीवी में काम करने वाले एक दंपति, आजतक और एबीपी न्यूज के स्थानीय पत्रकार, हिंदुस्तान टाइम्स के स्थानीय संपादक और दो प्राचीन पत्रकारीय युगल मौजूद थे।

Priyanka Gandhi meeting Ajay kumar lallu

प्रियंका गांधी को उनके सलाहकारों ने समझा दिया था कि इनसे बात करके आप यूपी की नब्ज समझ जाएंगी और फिर कांग्रेस पूरी ताकत से यूपी की सत्ता में वापिस आ जाएगी। इस पार्टी में खासतौर पर प्रमोद तिवारी और उनकी बेटी आराधना मिश्रा मोना मौजूद थीं जो प्रियंका गांधी को घेरे हुई थीं। उधर दूसरी ओर से प्रियंका को घेरने का जिम्मा यूपी कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह से उठा रखा था।

खबरों के मुताबिक इन दोनो ही लॉबी ने मिलकर अपनी अपनी पसंद के पत्रकार बुलाए थे। मगर इसी जी हुजूरी वाली पत्रकारिता और प्रियंका गांधी को यूपी की आंधी बताने की उधेड़बुन में एक खेल हो गया। खबर फैली कि एक पत्रकार का मोबाइल लगातार ऑन था और दूसरी ओर यूपी के सूचना विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी लाइन पर थे जो सारा संवाद सुन रहे थे। सूत्रों के मुताबिक इस खबर के फैलने के बाद कांग्रेस के भीतर महाभारत छिड़ गई।

Priyanka_Gandhi_Vadra

यूपी में कांग्रेस के कुल 7 विधायक चुने गए थे जो दो की बगावत के बाद अब केवल 5 बचे हैं। रायबरेली से विधायक अदिति सिंह और रायबरेली की ही हरिचंदपुर सीट से विधायक राकेश सिंह पहले ही कांग्रेस से बगावत कर चुके हैं। ऐसे में उंगलियों पर गिनने लायक विधायकों की इस पार्टी में नई जंग छिड़ गई। आखिर प्रियंका गांधी की इस हाईटी में जासूसी किसने कराई, इसे लेकर पार्टी के भीतर के दो गुट एक दूसरे पर फायर हो गए। खबर है कि प्रियंका भी इस खबर से खासी भड़की हुई हैं। वे इसकी तहकीकात कराने में जुटी हुई हैं। जिस पार्टी का यूपी में न कोई आधार बचा है और न कोई भविष्य, वह इस स्तर पर आपसी मुठभेड़ का शिकार है! ये तस्वीर इस बात की गवाही देती है कि किस तरह से प्रियंका गांधी वाड्रा के महासचिव बनने के बाद से बची खुची कांग्रेस की नाव भी डूबने की कगार पर है। सूत्रों के मुताबिक भाई और बहन ने अपने चारों ओर सिर्फ खुशामद पसंद चाटुकारों की भीड़ जुटा रखी है। बाकी संगठन हवा में है और रणनीति खाई में।