newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Uttar Pradesh: भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के लिए आयोजित बैठक में शामिल हुए सीएम योगी आदित्यनाथ

Uttar Pradesh: राज्य सरकार द्वारा भारत की आजादी की 75 वर्षगांठ के अवसर पर राज्य स्तरीय अमृत महोत्सव हेतु राज्य स्तरीय आयोजन समिति का गठन राज्यपाल की अध्यक्षता तथा कार्यकारणी समिति का गठन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में किया गया है। राज्य सरकार द्वारा स्मरणोत्सव के वृहद आयोजन की रूपरेखा तैयार की गयी है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां अपने सरकारी आवास से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रतिभाग किया। यह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ का स्मरणोत्सव यथोचित रूप से मनाने के लिए प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में गठित राष्ट्रीय समिति की पहली बैठक के सम्बन्ध में आयोजित की गयी थी। यह स्मरणोत्सव ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कहलाएगा जो अगले 75 सप्ताह तक चलेगा। इस महोत्सव की शुरुआत 12 मार्च, 2021 से होगी।

Yogi With Narendra Modi

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस आयोजन का लक्ष्य लोगों को भारत की आजादी और स्वतंत्रता संग्राम के महत्व को समझाना है। साथ ही, युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता आन्दोलन की जानकारी देना है। इससे युवाओं को जोड़ना है। इस आयोजन को एक आन्दोलन का रूप देना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आयोजन देश के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस बात का प्रयास किया जाएगा कि यह आयोजन कैसे जन-जन का पर्व बने। यह ऐसा पर्व होना चाहिए जिसमें आजादी का संघर्ष अनुभव हो। इस आयोजन में सनातन भारत के गौरव की झलक होगी। इससे वर्ष 2047 में आजादी के 100 वर्ष को मनाने के सम्बन्ध में भी अवधारणा विकसित होगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के अज्ञात सेनानियों की गाथाओं को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

Yogi With Narendra Modi

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा भारत की आजादी की 75 वर्षगांठ के अवसर पर राज्य स्तरीय अमृत महोत्सव हेतु राज्य स्तरीय आयोजन समिति का गठन राज्यपाल की अध्यक्षता तथा कार्यकारणी समिति का गठन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में किया गया है। राज्य सरकार द्वारा स्मरणोत्सव के वृहद आयोजन की रूपरेखा तैयार की गयी है।