newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कल PM मोदी ने की थी फोन पर बात, आज बीमार कल्याण सिंह से मिलने पहुंचे CM योगी, पूर्व मुख्‍यमंत्री ने आखें खोल कर द‍िया जवाब…

Kalyan Singh: इससे पहले रविवार को भी सीएम योगी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल का दौरा कर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात की। बता दें कि 89 वर्षीय कल्याण सिंह के शरीर में सूजन के बाद शनिवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत बिगड़ने के बाद रविवार(4 जुलाई) देर शाम उन्हें संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) में शिफ्ट कर दिया गया था। उन्हें राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) से स्थानांतरित किया गया था, जहां वह शनिवार से आईसीयू में थे। बता दें कि उनके रक्तचाप में अचानक वृद्धि से माइनर हर्ट अटैक आया था। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 89 वर्षीय राजनेता के पैरोटिड ग्रंथि में सूजन हो गया है और उनके किडनी में भी अनियमितताएं पाई गईं हैं। वहीं उनकी हालत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चिंतित दिखे। उन्होंने सोमवार को कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह से बातकर उनकी सेहत का हाल लिया। इसके लिए पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन कर कल्याण सिंह के सेहत और उन्हें उच्चतम स्वास्थ्य सुविधा मिलने को लेकर बात की। बता दें कि पीएम ने सीएम योगी को कल्याण सिंह के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने को कहा है।

PM Modi Kalyan Singh

वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह (Kalyan Singh) की हालत को लेकर ताजा जानकारी मिली है कि, उनकी हालत अब स्थिर बनी हुई है। मंगलवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) उनसे मिलने संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) पहुंचे। इस दौरान सीएम योगी के साथ कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि उनकी चैतन्यता की स्थिति में पिछले दिनों की तुलना में थोड़ा बहुत सुधार हुआ है। वहीं जब मुख्यमंत्री योगी ने उनसे उनका हाल पूछा तो उन्होंने सीएम योगी को आंखों से हल्की प्रतिक्रिया दी। प्रतिक्रिया ऐसी थी कि मानो कल्याण सिंह कहना चाहते हों कि अब ठीक हूं।

CM Yogi Kalyan Singh hospital

वहीं इससे पहले रविवार को भी सीएम योगी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल का दौरा कर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात की। बता दें कि 89 वर्षीय कल्याण सिंह के शरीर में सूजन के बाद शनिवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। योगी आदित्यनाथ ने दिग्गज नेता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और डॉक्टरों को उनके लिए सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। कल्याण सिंह, पिछले साल कोरोना से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे। हालांकि, एक महीने बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। कल्याण सिंह राजस्थान के पूर्व राज्यपाल भी रहे हैं।