newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Yogi Adityanath Rally In West UP : कन्नौज से आजमगढ़ तक सब एक ही परिवार के, कोई दूसरा यादव नहीं मिला, अखिलेश पर बरसे योगी

Yogi Adityanath Rally In West UP : यूपी सीएम ने कहा, मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद और नक्सलवाद ख़त्म हुआ है। ये नया भारत है और नया भारत छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई छेड़ता है तो छोड़ता भी नहीं है।

नई दिल्ली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज संभल और आंवला में दो चुनावी रैलियों में शिरकत दी। इस दौरान योगी ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बीएसपी पर तीखे शब्द बाण चलाए। योगी बोले, समाजवादी पार्टी को तो आप देख ही रहे होंगे। एक ही परिवार के सभी लोग। कन्नौज से लेकर मैनपुरी, बदायूँ और आजमगढ़ तक, हर जगह एक ही परिवार के लोग चुनाव लड़ रहे हैं। इतनी बड़ी आबादी में कोई दूसरा यादव इनको नहीं मिला, यही परिवारवादी राजनीति है और इनको जवाब देने के लिए आप तैयार रहना।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पहले वैश्विक स्तर पर भारत का कोई सम्मान नहीं था, देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं थीं, आतंकवादी गतिविधियां बढ़ रही थीं, जिसके कारण विकास कार्य रुक गए थे। भ्रष्टाचार चरम पर था, महिलाएं और व्यापारी असुरक्षित थे। मगर 2014 के बाद मोदी जी के कार्यकाल में वैश्विक स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद और नक्सलवाद ख़त्म हुआ है। योगी बोले, ये नया भारत है। नया भारत छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई छेड़ता है तो छोड़ता भी नहीं है’।

मुख्यमंत्री ने कहा, उत्तर प्रदेश में अगर कोई बीमार है और इलाज के लिए सरकार के पास पत्र भेजता है तो पैसा सीधे उसके जनधन खाते में ट्रांसफर कर दिया जाता है। पीएम मोदी ने जनधन योजना के जरिए 50 करोड़ बैंक खाते खुलवाए। कांग्रेस और सपा सरकार में जो कमीशन सिस्टम चलता था, वो अब बंद हो गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा के दौरान कहा, 1947 में भारत का विभाजन करके पाकिस्तान बना। पाकिस्तान की कुल आबादी 23-24 करोड़ है। वहां लोग कम गए, क्षेत्रफल ज़्यादा गया। आज भारत 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दे रहा है और पाकिस्तान में लोग भूख से मर रहे हैं। पाकिस्तान आतंकवाद की भट्टी है, उसने सुलगाई है तो जलेगा भी वहीं। आज कांग्रेस के शहजादे की तारीफ पाकिस्तान कर रहा है।

आदित्यनाथ बोले, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बीएसपी जनता से बहुत झूठ बोलते हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वे अल्पसंख्यकों को उनके खान-पान की आदतों का पालन करने की पूरी आजादी देंगे। मैं पूछना चाहता हूं कि उनकी खान-पान की कौन सी आदतें बहुसंख्यक समुदाय से अलग है? केवल एक ही है, यानी गोमांस, हम इस पाप का समर्थन नहीं करेंगे।