newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Cold Wave And Fog: कड़ाके की ठंड और कोहरा से कब मिलेगी राहत?, जानिए मौसम विभाग की भविष्यवाणी

Cold Wave And Fog: दिसंबर 2023 तक ठंड काफी कम थी और लोग ये सोच रहे थे कि इस बार शायद कड़ाके की ठंड न पड़े, लेकिन दिसंबर के आखिरी से ठंड का जो कहर मैदानी इलाकों में पड़ना शुरू हुआ, वो अब भी जारी है। मौसम विभाग ने अब ठंड को लेकर ताजा भविष्यवाणी की है।

नई दिल्ली। पश्चिम से लेकर पूर्व और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बार कड़ाके की ठंड काफी दिनों से हो रही है। कोहरा भी है। इसकी वजह से लोगों को तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। मैदानी इलाकों में सोमवार को हल्की धूप निकली। इससे ठंड दूर नहीं हुई। अब मौसम विभाग ने बताया है कि पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान और मध्यप्रदेश के तमाम इलाकों में अगले 5 दिन तक ठंड का कहर इसी तरह जारी रहेगा। इन इलाकों में काफी घना कोहरा होने की भविष्यवाणी भी मौसम विभाग ने की है। देश की राजधानी दिल्ली के लिए आज मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, देर दोपहर यहां धूप खिल सकती है।

severe cold in delhi

मौसम विभाग ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्यप्रदेश और बिहार के तमाम इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मध्यप्रदेश के दतिया में सबसे कम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की जानकारी मौसम विभाग ने दी है। ऐसे में मौसम विभाग की भविष्यवाणी के लिहाज से अभी मैदानी इलाकों में लोगों को ठंड से कुछ और दिन कांपना पड़ेगा। ठंड और कोहरा के कारण यातायात पर भी काफी असर पड़ रहा है। ट्रेनें देरी से चल रही हैं। विमान यातायात पर भी कुछ असर देखा जा रहा है। इसकी वजह से यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोहरा जारी रहने के कारण आने वाले दिनों में भी इसी तरह के हालात देखने को मिल सकते हैं।

cold wave 1

ठंड का बड़ा कारण पहाड़ी इलाकों में काफी बर्फबारी है। दिसंबर 2023 तक ठंड काफी कम थी और लोग ये सोच रहे थे कि इस बार शायद कड़ाके की ठंड न पड़े, लेकिन दिसंबर के आखिरी से ठंड का जो कहर मैदानी इलाकों में पड़ना शुरू हुआ, वो अब भी जारी है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही हुई, तो कड़ाके की ठंड जनवरी के अंत तक बनी रहेगी। फरवरी से हालात कुछ ठीक होने के आसार हैं। फिलहाल तो मैदानी इलाकों में लोगों को शाम होते ही कंपाने वाली सर्दी परेशान कर रही है।