newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Arvinder Singh Lovely: कांग्रेस आलाकमान ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पद से अरविंदर सिंह लवली का इस्तीफा किया मंजूर, लेकिन मनाने का जिम्मा वेणुगोपाल को सौंपा

Arvinder Singh Lovely: अरविंदर सिंह लवली ने आज लंबा इस्तीफा पत्र मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा था। उन्होंने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ने के पीछे तमाम कारण बताए थे। अरविंदर सिंह लवली ने लिखा है कि जिस आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर तमाम आरोप लगाए, उससे चुनावी समझौता कर लिया गया।

नई दिल्ली। ऐन लोकसभा चुनाव के वक्त अरविंदर सिंह लवली के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने से कांग्रेस नेतृत्व में खलबली मच गई। अरविंदर सिंह लवली ने अपने इस्तीफे में जो मुद्दे उठाए, उसे बीजेपी ने भी उठाकर कांग्रेस को घेरा। काफी देर तक कांग्रेस में मंथन चला और फिर कांग्रेस नेतृत्व ने अरविंदर सिंह लवली का इस्तीफा मंजूर कर लिया। वहीं, इससे पहले न्यूज चैनल आजतक ने सूत्रों के हवाले से ये खबर दी कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल से कहा है कि वो अरविंदर सिंह लवली से मिलकर इस मामले का हल निकालें।

अरविंदर सिंह लवली ने आज लंबा इस्तीफा पत्र मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा था। उन्होंने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ने के पीछे तमाम कारण बताए थे। अरविंदर सिंह लवली ने लिखा है कि जिस आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर तमाम आरोप लगाए, उससे चुनावी समझौता कर लिया गया। पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया पर भी उन्होंने काम न करने देने के लिए अंगुली उठाई। कन्हैया कुमार और उदित राज का नाम लिए बगैर अरविंदर सिंह लवली ने ये आरोप भी लगाया है कि इन दोनों को प्रत्याशी बनाने से पहले दिल्ली कांग्रेस पदाधिकारियों से बात तक नहीं की गई। अरविंदर सिंह लवली ने लिखा है कि वो तमाम मसलों से परेशान हो गए हैं और इस वजह से दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष पद को छोड़ने का फैसला किया।

अरविंदर सिंह लवली के दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद पार्टी के तमाम नेता उनसे मिलने गए। इनमें पूर्व विधायक सुभाष चोपड़ा और पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित भी थे। संदीप दीक्षित ने अरविंदर सिंह लवली से मुलाकात के बाद कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर अरविंदर सिंह लवली का निजी दुख है। बता दें कि बीते दिनों खबर आई थी कि एक मीटिंग में संदीप दीक्षित और कांग्रेस के उम्मीदवार कन्हैया कुमार में भी तीखी बहस हुई थी। वहीं, कन्हैया कुमार ने अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे पर कहा कि पूरा मसला अभी उनको पता नहीं है। जबकि, आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने इसे कांग्रेस का अंदरूनी मसला बताया।